उत्तराखंड में बनेगा शारदा और गंगा नदी कॉरिडोर : धामी

बरेली, 09 जनवरी। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड में जल्द ही हरिद्वार और ऋषिकेश पर गंगा कॉरिडोर बनाया जायेगा। उन्होने कहा कि शारदा नदी पर भी कॉरिडोर बनाया जा रहा है और इस पर काफी काम हो चुका है।
      बरेली में आयोजित उत्तरायणी मेला का उद्घाटन करने गुरुवार दोपहर पहुंचे श्री धामी ने कहा “ उत्तराखंड देवभूमि में काफी विकास कार्य चल रहे हैं। बाबा केदार नाथ पर पुनर्निर्माण हो रहा है। वहां उपचुनाव हुआ और हमें वहां विजय मिली। बद्रीनाथ धाम में मास्टर प्लान के तहत काम हो रहा है। कुमाऊं क्षेत्र में जितने मंदिर है उनके सौंदर्यीकरण का काम और पुनर्निर्माण का काम लगातार हो रहा है। अब उत्तराखंड में पहले से ज्यादा लोग पहुंच रहे है। हरिद्वार में मां गंगा पर गंगा कॉरिडोर बनाने का निर्णय लिया है। हरिद्वार और ऋषिकेश पर हम गंगा कॉरिडोर बनाएंगे।”
    उन्होंने कहा पूर्णागिरी में उत्तर प्रदेश से ज्यादा श्रद्धालु जाते है। अब हम वहां शारदा कॉरिडोर बनाएंगे, जिससे वहां सुन्दर घाट होंगे और सौंदर्यीकरण होगा। डेस्टिनेशन वेडिंग और पर्यटन रूप में उत्तराखंड को विकसित किया जा रहा है, जिससे लोग विदेश में वैवाहिक और अन्य कार्यक्रम ना कर देवभूमि पर आकर आयोजित करेंगे। जब पर्यटक उत्तराखंड जाएंगे तब उनको बहुत अच्छा लगेगा।  उत्तराखंड में हैंडीक्राफ्ट के बहुत अच्छे अच्छे उत्पाद बन रहे है। बहुराष्ट्रीय कंपनियों को भी वो फालो कर रहे है। हमारे राज्य में महिलाओं ने बहुत अच्छा काम किया है। हमारे राज्य में एक लाख लखपति दीदी बन गई है। हम बिना ब्याज के उन्हें लोन देंगे।
     मुख्यमंत्री ने कहा “ हमने धर्मान्तरण रोधी कानून बनाया। हल्द्वानी में आगजनी करने का काम हुआ। हमने सख्त दंगा रोधी कानून बनाया। अब कोई दंगा करेंगे तो उसक खिलाफ सख्त कार्यवाही होगी। नुकसान की भरपाई भी उससे होगी। हमने नकल विरोधी कानून बनाया। पहले आए दिन नकल संबंधी बहुत मामले आते थे। पहले जो बुद्धिमान बच्चे होते थे लेकिन उनका चयन नहीं हो पाता था। नकल माफियाओं का डंका बजता था। हमने 100 से ज्यादा नकल माफियाओं को जेल भेजने का काम किया। हमने तीन सालों में 19 हजार लोगों को रोजगार दिया। जो अपने आप में रिकॉर्ड है।” उन्होंने कहा “ हमने लैंड जिहाद पर  कानून बनाया है। पांच हजार एकड़ भूमि को कब्जा कर रखा था उस भी मुक्त कराया। थूक जिहाद के खिलाफ भी हमने कानून बनाया। ”
     उन्होने कहा “ देवभूमि उत्तराखंड में हमने समान नागरिक संहिता कानून बनाया है। इसका गौरव देवभूमि उत्तराखंड को प्राप्त हुआ। इसी माह हम इसे लागू करेंगे। शारदा गंगा, सरस्वती, कावेरी जैसी पवित्र नदियां पूरे देश में जीवन और जल देने का काम समान रूप से करती है। उसी तरह समान नागरिक आचार संहिता (यूजीसी) भी काम करेगा।”
     श्री धामी ने बताया उत्तराखंड में आगामी 28 जनवरी से 28वें राष्ट्रीय खेल आयोजन शुरू होने जा रहा है। प्रधानमंत्री इसका उद्घाटन करेंगे। समापन कार्यक्रम हल्द्वानी में होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Designed and Developed by Prakhar Dixit