भाजपा ने लोकतंत्र का किया नुकसान,हटाना जरुरी: अखिलेश

भाजपा ने लोकतंत्र का किया नुकसान,हटाना जरुरी: अखिलेश

लखनऊ 17 जनवरी। समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा के सत्ता में रहते लोकतंत्र का भारी नुकसान हुआ है और इसलिये इसे सत्ता से हटाना जरूरी है।
     पार्टी के राज्य मुख्यालय में विभिन्न जिलों से आये कार्यकर्ताओं और नेताओं को संबोधित करते हुए श्री यादव ने शुक्रवार को कहा कि कार्यकर्ताओं को सावधानी से रहना है। अपनी भाषा और व्यवहार को ठीक रखते हुए जनता के सुख दुःख में भागीदार बने। जनता की समस्याओं से जुड़कर उनकी मदद करें।
    उन्होने कहा कि भाजपा किसी की सगी नहीं है। भाजपा के समर्थक भी समझ गये हैं कि यह सरकार उनका नुकसान कर रही है। भाजपा की गलत नीतियों से किसान, नौजवान, व्यापारी सभी निराश और दुःखी है। यह सरकार लोगों का उत्पीड़न कर रही है। अन्याय, अत्याचार कर रही है। इस सरकार में कोई निवेश नहीं आने वाला है। बड़े-बड़े इन्वेस्टर मीट कराए मगर सब दिखावा साबित हुए हैं।
    श्री यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में कोई नया निवेश नहीं दिखाई दे रहा है। पुराने कारखाने प्रदेश से बाहर चले जा रहे हैं। भाजपा की झूठ और लूट की नीति से हर वर्ग त्रस्त है। कानपुर समेत प्रदेश के कई शहरों के व्यवसायी अपना व्यवसाय बंद कर दूसरी जगहों पर जा रहे हैं। नया निवेश नहीं आ रहा है। जो पुराना था वो भी बाहर चला जा रहा है। इससे उत्तर प्रदेश में बेरोजगारी और बढ़ेगी। नौजवान पहले से ही बेरोजगारी से परेशान है। सरकार नौजवानों को नौकरी और रोजगार नहीं देना चाहती है।
    उन्होने कहा कि भाजपा की कथनी और करनी में जमीन आसमान का फर्क है। झूठ बोलने और झूठे वादे करने में भाजपा का कोई मुकाबला नहीं है। प्रधानमंत्री ने कहा था काशी को क्योटो बना देंगे। मुख्यमंत्री ने घोषणा किया था कि गोरखपुर को वेनिस बना देंगे। अब सोनभद्र को वे स्विट्जरलैंड बनाने का सपना दिखा रहे हैं। अगर भाजपा कोई विकास नहीं कर सकती तो वाराणसी को वाराणसी, गोरखपुर को गोरखपुर और सोनभद्र को सोनभद्र ही रहने दे। इन शहरों की मर्यादा के साथ खिलवाड़ न करें। 2027 में समाजवादी सरकार बनने पर इनका चौतरफा विकास किया जाएगा।    
    श्री यादव ने कहा कि दस साल की सरकार में भाजपा की कोई घोषणा और वादा तो जमीन पर नहीं दिख रहा है। भाजपा सरकार न गंगा मां की सफाई कर पाई और न गायों की सेवा कर पायी। भाजपा के नेता और विधायक खुद स्वीकार कर रहे है कि भ्रष्टाचार चरम पर है। प्रदेश में प्रतिदिन 50 हजार गायें कट रही हैं। पूरी सरकार इस पर मौन है। भाजपा की सच्चाई जनता के सामने उजागर हो रही है। 2027 के विधानसभा चुनाव में जनता भाजपा को हराकर उसके झूठ और लूट का अंत कर देगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *