
नयी दिल्ली, 18 जनवरी। इंडिया ओपन सुपर 750 की पुरुष युगल स्पर्धा के सेमीफाइनल में शनिवार को भारतीय चुनौती सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की जोड़ी की हार के साथ समाप्त हो गयी।
2022 की चैंपियन भारतीय जोडी को मलेशिया के गोह सेज फेई और नूर इज्जुद्दीन ने मात्र 37 मिनट के खेल में 18-21,14-21 से हरा कर टूर्नामेंट से बाहर कर दिया। भारतीय जोड़ी ने शुरु में अच्छे खेल का प्रदर्शन कर बढ़त बना ली थी मगर तेज तर्राक मलेशियाई जोड़ी ने अगले छह में से पांच अंक लेकर ब्रेक तक एक अंक की बढ़त बना ली। सात्विक और चिराग ने ब्रेक के बाद कुछ समय के लिए बढ़त हासिल की और 15-12 पर पहुंच गए मगर मलेशियाई जोड़ी ने सात अंक जुटाकर मजबूत वापसी करते हुए पहला गेम जीत लिया।
दूसरे गेम में मलेशियाई टीम ने 5-0 की बढ़त बना ली मगर सात्विक ने अपने खेल से अंतर 4-8 तक कम कर दिया। मलेशियाई टीम ने फिर ब्रेक तक 11-10 की बढ़त बनाये रखी। लंबे कद के भारतीय जोड़ी ने स्कोर 13-13 से बराबर कर दिया लेकिन मलेशियाई टीम जीत दर्ज करने में सफल रही।