
लखनऊ 22 जनवरी । समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) वक्फ की जमीन पर कब्जा करना चाहती है।
जनेश्वर मिश्र पार्क में सपा नेता एवं पूर्व केन्द्रीय मंत्री स्व.जनेश्वर मिश्र को उनकी पुण्यतिथि पर श्रद्धाजंलि अर्पित करने के बाद पत्रकारों से बातचीत में उन्होने दावा किया कि अयोध्या के मिल्कीपुर में होने वाले उपचुनाव में गठबंधन प्रत्याशी जीत हासिल करेगा। जनता बेईमानी करने वालों के खिलाफ वोट डालेगी। भाजपा सरकार अधिकारियों के माध्यम से वोट डालने की जो संस्कृति पैदा कर रही वह परम्परा गलत है।
श्री यादव ने कहा कि भाजपा सबसे बड़ी भूमाफिया पार्टी है। भाजपा नफरत की राजनीति करती है। नफरत बढ़ाने वाले फैसले ले रही है। भाजपा वक्फ की जमीन पर कब्जा करना चाहती है। भाजपा वक्फ की जमीनों में विवाद खत्म नहीं करना चाहती है। विवाद और बढ़ाने का काम कर रही है। लखनऊ, अयोध्या, गोण्डा से लेकर प्रदेश के अन्य जिलों में जितनी रजिस्ट्रियां हो रही हैं, वे ज्यादातर भाजपा के नेता करा रहें है। भाजपा नेताओं ने भगवान श्रीराम की धरती अयोध्या को भी नहीं छोड़ा। अगर रजिस्ट्रियां चेक किया जाए तो पता चल जाएगा कि भाजपा के लोगों ने बड़ी संख्या में जमीनों पर कब्जा किया है।
एक सवाल के जवाब में श्री अखिलेश यादव ने कहा कि हमारा संविधान सभी धर्मों को बराबर सम्मान करने का रास्ता दिखाता है। संविधान में पंथनिरपेक्ष और सोशलिस्ट रास्ते पर चलने की बात कही गयी है। हमारे संविधान की मंशा है कि हम सभी धर्मों का सम्मान करें। देश में प्लेसेज ऑफ वर्शिप एक्ट लागू है लेकिन भाजपा नफरत पैदा करने के लिए कोई न कोई काम करती रहती है। भाजपा बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी से ध्यान हटाने और नफरत फैलाने वाले मुद्दों को लेकर सामने आती है। देश की आर्थिक स्थिति खराब होती जा रही है। रुपया डालर के मुकाबले गिरता जा रहा है। बड़े पैमाने पर बेरोजगारी है। भाजपा सरकार ने जनता के हित में ऐसा कोई काम नहीं किया है जो लोगों को बता सके।
श्री यादव ने दिल्ली विधानसभा चुनाव को लेकर कहा कि दिल्ली में हमारा समर्थन आम आदमी पार्टी को है। इंडिया गठबंधन उसी के साथ खड़ा है जो भाजपा को हरा रहा है।
उन्होने कहा कि कुंभ और प्रयागराज राजनीति करने और राजनीतिक फैसले लेने की जगह नहीं है। कुंभ के स्थान पर मंत्रिमंडल की बैठक करना राजनीति से प्रेरित है। कुंभ और मां गंगा में स्नान आस्था का विषय है। बहुत सारे समाजवादी लोग मन से और आस्था के साथ कुंभ में स्नान कर आये हैं।