अयोध्या में रामलला के दर्शन करने वालों की संख्या एक करोड़ के पार

अयोध्या में रामलला के दर्शन करने वालों की संख्या एक करोड़ के पार

अयोध्या, 3 फरवरी। रामनगरी अयोध्या में 26 जनवरी से बसंत पंचमी यानि तीन फरवरी तक एक करोड़ से भी अधिक श्रद्धालु पहुंच चुके हैं जो कि एक रिकार्ड है। राम की धुन में श्रद्धालु झूम रहे हैं।
      सोमवार को वसंत पंचमी पर लाखों की संख्या में श्रद्धालुओं ने सरयू नदी में स्नान किया और रामलला और हनुमान गढ़ी में दर्शन पूजन किया।
      अयोध्या में बसंत पंचमी पर भोर से ही स्नान शुरू हो गया। दोपहर बाद तक स्नान और दान का सिलसिला जारी रहा। इस बीच श्रद्धालुओं ने दर्शन के लिये मठ-मंन्दिरों का रुख किया। राम मंदिर और हनुमानगढ़ी में देर शाम तक दर्शन के लिए भक्तों का तांता लगा रहा।
     श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र राम मंदिर बना हुआ है। रोजाना तीन लाख के करीब श्रद्धालु रामलला से आशीर्वाद प्राप्त कर रहे हैं। इसके लिए ट्रस्ट ने व्यापक इंतजाम किए हैं। दर्शन के लिए 18 घंटे मंदिर खोला जा रहा है। वहीं हनुमान गढ़ी में भी प्रतिदिन श्रद्धालुओं की कतार दिखाई पड़ रही है।
    बसंत पंचमी की अयोध्या के मठ मंन्दिरों में धूम है। साधु-संतों ने रंग खेला। इस दौरान गर्भगृह में विराजमान भगवान को भी अबीर गुलाल लगाया जाता है। बसंत पंचमी पर गर्भगृह में विराजमान रामलला को नए पीले वस्त्र धारण कराए गए। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अनुसार रामलला को गुलाल भी लगाया गया। प्रसाद स्वरूप अर्चकों ने भी परस्पर गुलाल लगाया। खीर, पूड़ी, मेवा, फल और अन्य व्यंजनों का भोग लगाया गया।
    प्रयागराज में स्नान करने के लिए एक बड़ा क्षेत्र है, लेकिन अयोध्या में श्रद्धालुओ के केंद्र पर रामलला ही हैं। ऐसे में एक ही जगह पर बड़ी संख्या में एकत्रित भीड़ को संभालना आसान नहीं था, लेकिन प्रशासनिक सूझ-बूझ व अधिकारियों की रणनीति ने इसे आसान बना दिया। आईजी प्रवीण कुमार बताते हैं की रोड डायवर्जन कर दिया गया है। इसके अलावा पार्किंग के भी इंतजाम किये गए हैं। बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। सुरक्षा मानकों के आधार पर श्रद्धालुओं को दर्शन कराया जा रहा है।
     मण्डलायुक्त गौरव दयाल ने बताया कि हमारे अधिकारी 24 घन्टे मेला क्षेत्र में निगरानी बनाये हुए हैं। 25 से 30 हजार लोगों के ठहरने के इंतजाम हैं। इसके अलावा खुले में सोने वालों को आश्रय स्थल में भेजने के लिए वाहन लगाए गए हैं। बड़ी संख्या में श्रद्धालु अयोध्या पहुंच चुके हैं। उनकी सुविधाओं का ख्याल रखा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Designed and Developed by Prakhar Dixit