सैफई में शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद के गौ रक्षा अभियान को सपा का समर्थन

सैफई में शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद के गौ रक्षा अभियान को सपा का समर्थन

इटावा, 6 जून। गाय को “राष्ट्रमाता” घोषित करने की मांग को लेकर देशव्यापी जन-जागरण अभियान चला रहे ज्योतिष पीठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती का शनिवार को सैफई में समाजवादी पार्टी (सपा) कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत किया। कार्यक्रम में समाजवादी पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं ने भाग लिया और गौ संरक्षण के मुद्दे पर समर्थन व्यक्त किया।सैफई में आयोजित कार्यक्रम में मैनपुरी सांसद डिंपल यादव, सपा राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव, बदायूं सांसद आदित्य यादव, करहल विधायक तेज प्रताप यादव सहित यादव परिवार के राजनीतिक और सामाजिक सदस्य तथा बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता मौजूद रहे।

स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती गौ संरक्षण और गाय को राष्ट्रमाता घोषित करने की मांग को लेकर प्रदेश और देशव्यापी जन-जागरण यात्रा पर हैं। इस अभियान के तहत वे विभिन्न जिलों में जाकर लोगों को जागरूक कर रहे हैं। हाल के दिनों में उनकी यात्रा उस समय चर्चा में आई जब कन्नौज में कथित रूप से प्रशासन द्वारा निर्धारित स्थान पर रुकने की अनुमति न मिलने के बाद उन्हें सड़क किनारे रुकना पड़ा। इसके बाद समाजवादी पार्टी के कई नेताओं ने उनके प्रति समर्थन व्यक्त किया।कार्यक्रम में डिंपल यादव ने कहा कि यादव समाज परंपरागत रूप से गौ पालन और गौ सेवा से जुड़ा रहा है तथा वे शंकराचार्य के राष्ट्रमाता जन-जागरण अभियान के साथ खड़े हैं। वहीं शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि गौ माता के संरक्षण और सम्मान से जुड़ी मांगों का वह समर्थन करते हैं। उन्होंने प्रदेश की मौजूदा नीतियों पर भी टिप्पणी करते हुए जनता से जुड़े विभिन्न मुद्दों का उल्लेख किया।

अपने संबोधन में शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने कहा कि गाय भारतीय संस्कृति, आस्था और सनातन परंपरा का अभिन्न अंग है। उन्होंने कहा कि गौ संरक्षण केवल धार्मिक विषय नहीं बल्कि सामाजिक और सांस्कृतिक जिम्मेदारी भी है।उन्होंने समाज और सरकार दोनों से गौवंश संरक्षण के लिए प्रभावी कदम उठाने का आह्वान किया। साथ ही यादव समाज की गौ पालन परंपरा की सराहना करते हुए कहा कि इस समुदाय ने लंबे समय से गौवंश की रक्षा और संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

कार्यक्रम के दौरान वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजा-अर्चना की गई और श्रद्धालुओं ने शंकराचार्य से आशीर्वाद प्राप्त किया। आयोजन में दो सौ से अधिक श्रद्धालु और समर्थक शामिल हुए। समारोह का प्रमुख आकर्षण भगवान श्रीकृष्ण की लगभग 60 फीट ऊंची प्रतिमा रही, जिसके सान्निध्य में धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुए। पूरे परिसर में भक्ति, श्रद्धा और उत्साह का वातावरण देखने को मिला।शंकराचार्य की यह यात्रा गौ रक्षा जागरण अभियान के अंतर्गत विभिन्न क्षेत्रों में जारी है, जिसके माध्यम से वे गौ संरक्षण, सनातन परंपराओं और सांस्कृतिक मूल्यों के प्रति जनजागरण का संदेश दे रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Designed and Developed by Prakhar Dixit