
हनोई, 07 अगस्त । वियतनाम के उत्तरी क्षेत्र में लगातार मूसलाधार वर्षा के कारण आई बाढ़ और भूस्खलन की चपेट में आने से करीब आठ लोगों की मौत हो गयी और तीन अन्य घायल हो गए। यहां की प्राकृतिक आपदा रोकथाम और नियंत्रण के लिए राष्ट्रीय संचालन समिति ने सोमवार को यह जानकारी दी।
प्राकृतिक आपदा में दो से छह अगस्त तक कुल आठ लोगों की मौत हो गयी। मृतकों में से चार लाई चाऊ में, दो येन बाई में, एक थाई गुयेन में और एक सोन ला प्रांत के थे और घायलों में तीनों लाई चाऊ के हैं। इस आपदा में 24 घर नष्ट हो गए और 30 हेक्टेयर फसलों को भी नुकसान पहुंचा है।
स्थानीय समाचार पत्र वियतनाम न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, चार अगस्त के बाद से, उत्तरी क्षेत्र में सौ से दो सौ मिमी तक वर्षा हुई है। इसके अलावा, यहां के कुछ क्षेत्रों में लगभग 400 मिमी तक भारी बारिश दर्ज की गई है, जिससे छोटी नदियों और झरनों में बाढ़ आ गई है और भूस्खलन हुआ है।
मानव जीवन और संपत्ति के नुकसान की रिपोर्ट के बाद, यहां के प्रधानमंत्री फाम मिन्ह चिन्ह ने एक प्रेषण जारी कर संबंधित अधिकारियों से उत्तरी क्षेत्र में आपदाओं से बचाव की प्रक्रिया तेज करने के निर्देश दिए हैं।
राष्ट्रीय जल-मौसम केंद्र ने कहा कि इस क्षेत्र में मंगलवार तक भारी बारिश जारी रहने के आसार हैं। यहां तक कि 180 मिमी से अधिक बारिश होने के अनुमान हैं, जिससे बाढ़ और भूस्खलन का और अधिक खतरा बना हुआ है।