प्रयागराज में बढ़ने लगा है गंगा जमुना का जलस्तर

प्रयागराज में बढ़ने लगा है गंगा जमुना का जलस्तर

प्रयागराज, 13 जुलाई । पहाड़ी क्षेत्रों में हो रही लगातार बारिश और ऊपरी इलाकों से पानी छोड़े जाने के कारण उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में गंगा और यमुना नदियों का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। हालांकि, प्रशासन ने फिलहाल बाढ़ का कोई खतरा नहीं होने और सभी तटबंधों के सुरक्षित होने का दावा किया है। बाढ़ नियंत्रण कक्ष की रविवार रात नौ बजे जारी रिपोर्ट के अनुसार पिछले चार घंटे में दोनों नदियों के जलस्तर में उल्लेखनीय बढ़ोतरी हुई है। नैनी गेज पर यमुना नदी का जलस्तर 72.90 मीटर दर्ज किया गया, जो चार घंटे में 14 सेंटीमीटर बढ़ा है। इसी प्रकार फाफामऊ गेज पर गंगा नदी का जलस्तर 76.51 मीटर रिकॉर्ड किया गया, जहां चार घंटे में आठ सेंटीमीटर की वृद्धि दर्ज की गई। वहीं छतनाग गेज पर गंगा का जलस्तर 72.60 मीटर पहुंच गया, जो चार घंटे में 20 सेंटीमीटर बढ़ा है।प्रयागराज में बाढ़ के खतरे का निशान 84.734 मीटर निर्धारित है। वर्तमान जलस्तर इससे काफी नीचे होने के बावजूद लगातार बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रशासन और सिंचाई विभाग पूरी तरह सतर्क हैं। सिंचाई विभाग के अधिकारियों ने बताया कि जिले के सभी तटबंध सुरक्षित हैं और नदियों के जलस्तर की लगातार निगरानी की जा रही है। किसी भी संभावित स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

अधिकारियों ने नदी किनारे रहने वाले लोगों से प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने और सतर्क रहने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *