
बुलंदशहर, 18 जुलाई। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को बुलंदशहर जिले को 574 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 58 विकास परियोजनाओं की सौगात देते हुए कहा कि जेवर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, इलेक्ट्रॉनिक सिटी और फिल्म सिटी जैसी महत्वाकांक्षी परियोजनाओं से बुलंदशहर की तस्वीर और तकदीर बदलने वाली है।उन्होंने कहा कि प्रदेश में सुरक्षा, सुशासन और तेज विकास के कारण उत्तर प्रदेश आज निवेशकों की पहली पसंद बन रहा है।
मुख्यमंत्री ने बुलंदशहर के नुमाइश ग्राउंड में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए 574 करोड़ रुपये से अधिक की 58 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इनमें 27 परियोजनाओं का शिलान्यास तथा 31 परियोजनाओं का लोकार्पण शामिल है। प्रमुख परियोजनाओं में नर्सिंग कॉलेज समेत शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और आधारभूत संरचना से जुड़ी योजनाएं शामिल हैं।उन्होंने कहा कि जेवर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा केवल गौतमबुद्ध नगर ही नहीं, बल्कि बुलंदशहर के आर्थिक और औद्योगिक विकास का भी प्रमुख आधार बनेगा। एयरपोर्ट के आसपास विकसित हो रही इलेक्ट्रॉनिक सिटी और फिल्म सिटी का बड़ा हिस्सा बुलंदशहर के गांवों से जुड़ा है, जिससे स्थानीय युवाओं को रोजगार और क्षेत्र को नई औद्योगिक पहचान मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि वर्ष 2017 से पहले उत्तर प्रदेश की पहचान लूट, अपहरण, डकैती, छिनैती, भूमि कब्जों और सांप्रदायिक दंगों से होती थी। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार ने माफिया और अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई कर उन्हें स्पष्ट संदेश दिया है कि “ऐसे लोगों की जगह केवल जेल या जहन्नुम है।” इसी का परिणाम है कि आज महिलाएं और व्यापारी दिन-रात स्वयं को सुरक्षित महसूस कर रहे हैं।उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 से पहले उत्तर प्रदेश विकास के मामले में देश के पिछड़े राज्यों में गिना जाता था, जबकि आज प्रदेश देश के अग्रणी राज्यों में शामिल हो चुका है। बेहतर कानून-व्यवस्था और पारदर्शी शासन के कारण निवेशकों का विश्वास बढ़ा है और प्रदेश को लगातार नए निवेश प्रस्ताव प्राप्त हो रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बुलंदशहर पश्चिमी उत्तर प्रदेश के गन्ना उत्पादन का प्रमुख केंद्र है और सरकार की किसान हितैषी नीतियों के कारण उत्तर प्रदेश आज देश में गन्ना उत्पादन में प्रथम स्थान पर पहुंच गया है। उन्होंने खुर्जा के प्रसिद्ध चीनी मिट्टी (सिरेमिक) उद्योग का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्ष 2017 से पहले यह उद्योग संकट के दौर से गुजर रहा था और लगभग 1600 इकाइयों में से अधिकांश बंद होने की कगार पर पहुंच गई थीं। डबल इंजन सरकार द्वारा उद्योगों की समस्याओं के समाधान और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराए जाने के बाद आज खुर्जा का सिरेमिक उद्योग फिर से तेजी से आगे बढ़ रहा है। यहां निर्मित क्रॉकरी, सजावटी सामान तथा विद्युत एवं इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों में उपयोग होने वाले सिरेमिक उत्पाद देश के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी अपनी मजबूत पहचान बना चुके हैं।योगी ने कहा कि बुलंदशहर कृषि उत्पादन के साथ-साथ देशभक्ति की भावना के लिए भी जाना जाता है। यहां के बड़ी संख्या में युवा सेना, अर्द्धसैनिक बलों और पुलिस में सेवा देकर राष्ट्र निर्माण में योगदान दे रहे हैं। उन्होंने लोगों से सुरक्षा बलों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता का भाव बनाए रखने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि नागरिक अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों का पालन भी उतना ही आवश्यक है। देश की प्रगति और सुरक्षा तभी सुनिश्चित होगी जब प्रत्येक नागरिक अपने दायित्वों का भी ईमानदारी से निर्वहन करेगा।जनसभा से पूर्व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शिकारपुर तहसील स्थित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पूर्व सरसंघचालक प्रो. राजेंद्र सिंह ‘रज्जू भैया’ के नाम पर स्थापित सैन्य विद्या मंदिर में छात्रों, अभिभावकों और प्रबुद्ध नागरिकों के साथ संवाद किया तथा शिक्षा और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका पर अपने विचार साझा किए।