बात में तथ्य और तर्क हों तो हंगामा खड़ा करने की जरूरत नहीं : मानसून सत्र से पहले माेदी

बात में तथ्य और तर्क हों तो हंगामा खड़ा करने की जरूरत नहीं : मानसून सत्र से पहले माेदी

नयी दिल्ली, 20 जुलाई। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने विपक्ष और सत्ता पक्ष दोनों ओर के सांसदों से संसद में मिल जुल कर देश के हित में काम करने की अपील करते हुए सोमवार को कहा कि मुद्दों में दम हो और बात में तर्क हो तो शांत तरीके से भी उठायी गयी मांग भी बुलंद आवाज बन सकती है।श्री मोदी ने सोमवार को मानसून सत्र के पहले दिन कार्यवाही शुरू होने से पहले मीडिया के समक्ष पारंपरिक संबोधन में कहा कि भारत उम्मीदों से भरपूर युवाओं का देश है और युवा चाहते हैं कि हम आगे बढ़े। उन्होंने राष्ट्र की आवाज को संसद में स्वर दिये जाने और देश को दिशा दिये जाने की जरूरत पर बल दते हुए कहा कि तार्किक बात के लिए तूफान खड़े करने की जरूरत नहीं होती है।

उन्होंने संसद में बहुत अनुभवी सदस्यों की उपस्थिति का उल्लेख करते हुए कहा कहा, ‘”एस्पिरेशन (उम्मीदों) से भरे हुए देश के युवाओं की मांग है कि हम आगे बढ़े। आज समय की मांग है कि राष्ट्र निष्ठा से भरे हुए, राष्ट्रभक्ति के लिए जी रहे (लोगों की), आवाज को सदन में उचित मंच मिलता रहे। वे (सदस्य) अपनी आवाज को बुलंद करें, देश को दिशा दे, और इसलिए मैं आशा करता हूं, और मुझे पक्का विश्वास है, जहां तथ्य होते हैं, जहां तर्क होते हैं, वहां तूफान के लिए जगह नहीं होती है। अगर तर्क मजबूत है, तथ्य मजबूत है, तो शांत चित्त से भी अपनी आवाज को बुलंद बनाया जा सकता है।”श्री मोदी ने कहा कि संसद में बहुत अनुभवी सांसद भी है, दल उनका कोई भी हो, लेकिन उनके पास एक लंबा अनुभव है। ऐसे समय में उनके अनुभव की, उनके ज्ञान की संसद को भी जरूरत है, देश को भी जरूरत है। और इसके लिए संसद का चलना, सार्थक चर्चा होना, मिल जुलकर के देश को आगे ले जाने के संकल्प लेना, ये मैं समझता हूं कि बहुत ही समय की मांग है।”

प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में विभिन्न् क्षेत्रों में युद्धों और तनाव के चलते दुनिया की चिंताओं को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि पश्चिम एशिया के युद्ध के कारण तेल और गैस की जरूरतों के लिए आयात पर निर्भर भारत जैसे के लिए बड़ा संकट पैदा हुआ। पेट्रोल, डीजल, एलपीजी, फर्टिलाइजर, केमिकल्स की आपूर्ति में अनेक बाधाएं आयीं। उसके बावजूद भी भारत 7.7 प्रतिशत की दर से आर्थिक वृद्धि दर्ज कर दुनिया सबसे तेजी से बढ़ रही बड़ी अर्थव्यवस्था बना हुआ है।उन्होंने कहा कि देश उत्साह और उमंग के साथ नई ऊंचाइयों को पार करना चाहता है। देश ने गति पकड़ ली है तथा संसद का सकारात्मक वातावरण उस स्पीड (गति) में नई ऊर्जा भर सकता है। सकारात्मक भाव राष्ट्र के लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए बहुत आवश्यक होता है।

श्री मोदी ने कहा, “मैं आशा करता हूं कि तर्क और तथ्य के साथ सदन की चर्चा को समृद्ध किया जाए। हर आवाज को अवसर मिले, हर विचार को सम्मान मिले, ये संसद की हमारी भूमिका है। मैं सभी सांसदों से बढ़-चढ़कर के इस सदन में हिस्सा लेने के लिए निमंत्रित करता हूं।” प्रधानमंत्री ने मानसून सत्र के पहले दिन सांसदों का स्वागत करने के लिए सुबह लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ाला की ओर से सुबह सोशल मीडिया पर कहे गये शब्दों के साथ अपना स्वर मिलाया। उन्होंने मानसून की तरह संसद का मानसून सत्र भी सक्रिय और उत्पादक रहने की आशा व्यक्त करते हुए कहा कि दोनों ही सक्रिय होंगे तो देश का कल्याण होगा।उन्होंने पिछले एक महीने में हासिल की गई असाधारण राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय उपलब्धियों की श्रृंखला का उल्लेख करते हुए देश की बढ़ती वैश्विक प्रतिष्ठा पर अपार गर्व व्यक्त किया। उन्होंने पिछले वर्ष के सत्र से ठीक पहले एक भारतीय नागरिक के अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन तक पहुंचने की घटना को याद करते हुए निजी अंतरिक्ष स्टार्टअप स्काईरूट की हालिया ऐतिहासिक उपलब्धि की सराहना की।

उन्होंने मात्र 28 वर्ष की औसत आयु वाली एक टीम द्वारा देश को निजी अंतरिक्ष अन्वेषण के एक नए युग में सफलतापूर्वक आगे बढ़ाने के अविश्वसनीय तथ्य की प्रशंसा करते हुए इस बात पर जोर दिया कि ये उपलब्धियां राष्ट्रीय आत्मविश्वास को बहुत बढ़ाती हैं। श्री मोदी ने कहा, “हमारे युवाओं द्वारा संचालित इन स्टार्टअप्स ने अंतरिक्ष में भारत का ध्वज मजबूती से स्थापित किया है जिससे हमारे देश की छवि सार्वभौमिक और विश्वव्यापी हो गई है।”

श्री मोदी ने हाल ही में हासिल की गई इन तकनीकी उपलब्धियों को राष्ट्र की असीम क्षमता का संकेत बताते हुए घोषणा की कि वर्तमान पीढ़ी की क्षमताएं पूर्णतः असीमित हैं। उन्होंने इन ऐतिहासिक सफलताओं को पूरे देश के लिए आगे बढ़ने का सर्वोच्च प्रेरणा स्रोत बताया। उन्होंने कहा, “यह एक सशक्त संदेश है कि हमारे युवाओं की क्षमता और आकांक्षाएं अंतरिक्ष की तरह ही असीमित हैं।”

प्रधानमंत्री ने इन अभूतपूर्व उद्यमशीलता की सफलताओं के मूल कारणों का पता लगाते हुए सरकार के त्वरित और परिवर्तनकारी नीतिगत बदलावों को श्रेय दिया। श्री मोदी ने कहा, “देश ने आज जिस सुधार की राह पर तेजी से कदम रखा है, उसी का परिणाम है कि हमारे युवा इतना साहस दिखा पा रहे हैं और सफल हो रहे हैं।”

उन्होंने बुनियादी ढांचे और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में हुए कई महत्वपूर्ण उद्घाटनों का विवरण देते हुए राजस्थान में हाल ही में शुरू हुई एक बड़ी तेल रिफाइनरी, देश के तीसरे सेमीकंडक्टर संयंत्र और दुनिया की सबसे लंबी और सबसे शक्तिशाली हरित हाइड्रोजन ट्रेन के शुभारंभ का उल्लेख किया। उन्होंने इन अत्याधुनिक राष्ट्रीय संपत्तियों का श्रेय देश के प्रतिभाशाली वैज्ञानिकों, इंजीनियरों और श्रमिकों के एकजुट समर्पण और अथक परिश्रम को दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Designed and Developed by Prakhar Dixit