
लखनऊ, 23 जुलाई। उत्तर प्रदेश में मानसून अगले सात दिनों तक सक्रिय रहने के आसार हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के लखनऊ मौसम केंद्र के अनुसार 23 से 29 जुलाई तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में गरज-चमक के साथ वर्षा और बौछारें पड़ने की संभावना है। सप्ताह के उत्तरार्ध में विशेषकर पूर्वी उत्तर प्रदेश में वर्षा की गतिविधियां और तेज होंगी तथा कई स्थानों पर भारी बारिश होने के संकेत हैं।मौसम विभाग द्वारा जारी दैनिक पूर्वानुमान के अनुसार गुरुवार को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कहीं-कहीं तथा पूर्वी उत्तर प्रदेश में कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ वर्षा होने की प्रबल संभावना है। 24 से 26 जुलाई तक भी दोनों उप-प्रभागों में अधिकांश स्थानों पर इसी तरह का मौसम बना रहेगा।
पूर्वानुमान के अनुसार 27 जुलाई से मानसूनी गतिविधियों में और तेजी आएगी। इस दिन पूर्वी उत्तर प्रदेश में अनेक स्थानों पर वर्षा होने की संभावना है, जबकि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है। 28 और 29 जुलाई को पूर्वी उत्तर प्रदेश के लगभग सभी स्थानों तथा पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अनेक क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ वर्षा होने के आसार हैं।मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि 23 जुलाई को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ स्थानों पर मेघगर्जन के साथ वज्रपात की संभावना है। वहीं 27 जुलाई को पूर्वी उत्तर प्रदेश तथा 28 और 29 जुलाई को प्रदेश के दोनों उप-प्रभागों में कहीं-कहीं भारी वर्षा हो सकती है। लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की गई है।
इस बीच, 22 जुलाई को दर्ज मौसम आंकड़ों के अनुसार प्रदेश के अधिकांश जिलों में अधिकतम तापमान सामान्य के आसपास बना रहा। गाजीपुर में सर्वाधिक 35.5 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया, जबकि मुरादाबाद में 35.0 और उरई में 34.6 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। वर्षा के मामले में बस्ती में 15.1 मिमी, गाजीपुर में 5.2 मिमी, गोरखपुर में 3.9 मिमी तथा चूर्क में 2.4 मिमी वर्षा दर्ज की गई। प्रयागराज, लखनऊ, कानपुर, एटा और कई अन्य जिलों में वर्षा नहीं हुई या नगण्य दर्ज की गई।राजधानी लखनऊ और आसपास के क्षेत्रों में गुरुवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहने तथा हल्की बारिश की संभावना है। यहां अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।