वीरांगना रानी अवंती बाई महान क्रांतिकारी, उनका बलिदान युवाओं के लिए प्रेरणा : योगी

वीरांगना रानी अवंती बाई महान क्रांतिकारी, उनका बलिदान युवाओं के लिए प्रेरणा : योगी

लखनऊ, 16 अगस्त। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वीरांगना रानी अवंती बाई लोधी की 196वीं जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि देश की आजादी के लिए उनका तप, त्याग और बलिदान आज भी देशवासियों, विशेषकर युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने रानी अवंती बाई को 1857 के प्रथम स्वातंत्र्य समर की महान क्रांतिकारियों में से एक बताया।

मुख्यमंत्री ने शनिवार को वीरांगना रानी अवंती बाई लोधी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करने के बाद कहा कि मात्र 27 वर्ष की आयु में उन्होंने देश की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान देकर अद्वितीय साहस और राष्ट्रभक्ति का परिचय दिया। उन्होंने कहा कि वीरांगना अवंती बाई लोधी के योगदान के लिए प्रत्येक भारतवासी नतमस्तक है।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि रानी अवंती बाई ने अंग्रेजी शासन के विरुद्ध संघर्ष का नेतृत्व किया और देश की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। उनके शौर्य और बलिदान की गाथा आज भी श्रद्धा और सम्मान के साथ स्मरण की जाती है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने वीरांगना रानी अवंती बाई लोधी समेत अन्य वीरांगनाओं के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए महिला पीएसी बटालियनों का गठन उनके नाम पर किया है। उन्होंने बताया कि बदायूं में रानी अवंती बाई लोधी के नाम पर गठित महिला पीएसी वाहिनी का कार्य लगभग पूर्ण हो चुका है और वहां उनकी अश्वारोही प्रतिमा की स्थापना की प्रक्रिया अंतिम चरण में है।

उन्होंने कहा कि लखनऊ में वीरांगना ऊदा देवी पासी तथा गोरखपुर में वीरांगना झलकारी बाई कोरी के नाम पर गठित महिला पीएसी बटालियनों का निर्माण कार्य भी तेजी से चल रहा है। इन दोनों स्थानों पर भी संबंधित वीरांगनाओं की अश्वारोही प्रतिमाएं स्थापित की जा रही हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वीरांगनाओं के नाम पर किए जा रहे इन कार्यों का उद्देश्य महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि सरकार इस दिशा में पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है, ताकि बेटियां सुरक्षित वातावरण में समाज के प्रत्येक क्षेत्र में आगे बढ़ सकें।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए अनेक योजनाएं संचालित कर रही है। इन योजनाओं का उद्देश्य महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना और उन्हें विकास की मुख्यधारा से जोड़ना है।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश पुलिस बल में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए 20 प्रतिशत भर्ती महिलाओं के लिए सुनिश्चित की गई है। वर्ष 2017 में उत्तर प्रदेश पुलिस में महिलाओं की संख्या लगभग 10 हजार थी, जो बढ़कर अब 45 हजार से अधिक हो गई है। यह महिला सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

उन्होंने कहा कि नारी सम्मान केवल एक नारा नहीं, बल्कि सरकार की प्रतिबद्धता है। महिलाएं सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के साथ राष्ट्र निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं और विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में योगदान दे रही हैं।

इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, कृषि राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख, लखनऊ की महापौर सुषमा खर्कवाल, विधायक नीरज बोरा, जय देवी, विधान परिषद सदस्य उमेश द्विवेदी तथा अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी वीरांगना रानी अवंती बाई लोधी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Designed and Developed by Prakhar Dixit