
नयी दिल्ली, 02 अक्टूबर। कृतज्ञ राष्ट्र ने शुक्रवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 157 वीं जयंती पर उन्हें नमन किया और सत्य, अहिंसा, सेवा एवं करुणा के उनके बताये मार्ग पर चलने का संकल्प व्यक्त किया।गांधी जयंती पर देश भर में प्रभात फेरियां निकाली गयीं और सर्वधर्म प्रार्थना सभाएं आयोजित की गयीं। इस मौके पर आयोजित कार्यक्रमों में राष्ट्रपिता के जीवन और आदर्शों पर आधारित प्रेरणादायक घटनाओं का उल्लेख किया गया। प्रात:काल ही उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गयी।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने दिल्ली में उनकी समाधि स्थल राजघाट जाकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। श्रीमती मुर्मु और श्री मोदी ने इस दौरान वहां आयोजित सर्वधर्म प्रार्थना सभा में भी हिस्सा लिया।राष्ट्रपति ने अपने संदेश में कहा कि सभी नागरिकों की ओर से वह राष्ट्रपिता को उनकी श्रद्धापूर्वक नमन करती हैं। उन्होंने कहा कि गांधी जी के जीवन और आदर्शों का विश्व समुदाय व्यापक रूप से सम्मान करता है। आज दुनिया के कई हिस्सों में युद्ध और संघर्ष का वातावरण है, जिसका प्रभाव सभी देशों पर पड़ रहा है। ऐसे समय में महात्मा गांधी का शांति और अहिंसा का संदेश और अधिक प्रासंगिक हो जाता है।
श्रीमती मुर्मु ने कहा कि गांधी जयंती के शुभ अवसर पर सभी को नैतिक आचरण और सक्रिय भागीदारी के माध्यम से सशक्त, विकसित और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहरानी चाहिए।उप राष्ट्रपति सी पी राधाकृष्णन ने महात्मा गांधी की समाधि राजघाट जाकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस मौके पर श्री राधाकृष्णन ने कहा कि गांधी जी का जीवन और संदेश शांति, करुणा, विश्वास भाव और सेवा का एक अमर प्रकाश स्तंभ बना हुआ है। उन्होंने सभी से राष्ट्रपिता के आदर्शों को अपने जीवन में उतारने की अपील की।
श्री मोदी ने गांधी जी को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि पूज्य बापू का संपूर्ण जीवन सत्य, अहिंसा, करुणा और सेवा का ऐसा प्रकाशस्तंभ है, जो हर युग में मानवता का मार्ग प्रशस्त करता रहेगा। उन्होंने संस्कृत का एक श्लोक उदधृत करते हुए उसमें कहा, “अद्वेष्टा सर्वभूतानां मैत्रः करुण एव च। निर्ममो निरहङ्कारः समदुःखसुखः क्षमी॥”प्रधानमंत्री ने एक अन्य पोस्ट में कहा कि बापू का शाश्वत संदेश हमें बेहतर समाज और विकसित भारत की दिशा में निरंतर मार्गदर्शन देता रहे। उन्होंने इसके साथ गांधीजी के विभिन्न रूपों को दर्शाने वाली तस्वीर साझा की, जिसमें ‘अहिंसा, आस्था, साहस, सेवा और सत्य’ का उल्लेख है।
संविधान सदन के केन्द्रीय कक्ष में श्री मोदी, लोक सभा अध्यक्ष ओम बिरला, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा, भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष नितिन नवीन, कांग्रेस अध्यक्ष एवं राज्य सभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे, कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी, संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू,कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी और कई सांसदों ने राष्ट्रपिता को नमन किया और उनके चित्र पर पुष्पांजलि दी।केन्द्रीय कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे तथा लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने राष्ट्रपिता को श्रद्धासुमन अर्पित किये। श्री खरगे और श्री गांधी ने बापू की समाधि स्थल राजघाट जाकर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किये।
श्री खरगे ने महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि बापू का संपूर्ण जीवन सत्य, अहिंसा, करुणा और सेवा का ऐसा प्रकाशस्तंभ है, जो हर युग में मानवता का मार्ग प्रशस्त करता रहेगा। उन्होंने कहा कि गांधीजी ने सत्य को शक्ति, अहिंसा को साहस और सत्याग्रह को अन्याय के विरुद्ध सबसे प्रभावशाली अस्त्र बनाया तथा भारत के स्वतंत्रता संग्राम को दिशा देने के साथ पूरी दुनिया को मानवता, करुणा और शांति का मार्ग दिखाया।श्री गांधी ने महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि सत्य, अहिंसा और निर्भयता ही बापू की सबसे बड़ी विरासत है। बापू ने सिखाया है कि अन्याय के सामने कभी झुकना नहीं तथा सत्य और अहिंसा के साथ डटे रहना ही सच्ची ताकत है।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राष्ट्रपिता को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए प्रदेशवासियों को अंतरराष्ट्रीय अहिंसा दिवस की शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलकर संपूर्ण विश्व को स्वदेशी और अहिंसा के माध्यम से स्वाधीनता का संदेश देने वाले महात्मा गांधी की जयंती पर वह उन्हें कोटिश: नमन करते हैं।उन्होंने कहा कि श्रद्धेय बापू के आदर्श, सादगी और विचार आज भी सभी को आत्मनिर्भर एवं विकसित भारत के निर्माण के लिए निरंतर मार्गदर्शन प्रदान कर रहे हैं।
बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने राष्ट्रपिता की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि गांधी जी का जीवन सत्य, अहिंसा और राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पण की अमर गाथा है और उनके विचारों ने भारत ही नहीं, बल्कि पूरे विश्व को मानवता, शांति और सत्याग्रह का मार्ग दिखाया।श्री चौधरी ने शुक्रवार को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर अपने संदेश में कहा कि महात्मा गांधी के आदर्श आज भी समाज और राष्ट्र के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने गांधी जी की जयंती पर उन्हें शत्-शत् नमन किया।
तमिलनाडु के राज्यपाल आर.वी. आर्लेकर, मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय सहित विभिन्न दलों के नेताओं ने महात्मा गांधी की जयंती के मौके पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की तथा सत्य, अहिंसा, सादगी, ईमानदारी तथा एवं मानवता के उनके सिद्धांतों को याद किया।श्री आर्लेकर ने शुक्रवार को लोक भवन में बापू के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की और शहर में राज्य सरकार के खादी ग्रामोद्योग भवन में विशेष बिक्री का उद्घाटन भी किया। तमिलनाडु के मंत्री और वरिष्ठ अधिकारियों ने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की।
श्री आर्लेकर ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, “महात्मा गांधी की जयंती पर मैं राष्ट्रपिता को अपनी विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। गांधीजी के सत्य, अहिंसा, सत्याग्रह और निस्वार्थ सेवा के कालजयी आदर्श आज भी मानवता को प्रेरित करते हैं और एक न्यायपूर्ण, शांतिपूर्ण तथा करुणामय समाज की दिशा में हमारा मार्गदर्शन करते हैं।”श्री विजय ने महात्मा गांधी को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उन्हें महान नेता बताया, जिन्होंने अहिंसा के जरिए दुनिया को एक संदेश दिया और भारत के स्वतंत्रता संग्राम में ऐतिहासिक भूमिका निभाई। उन्होंने गांधीजी की देशभक्ति और त्यागपूर्ण जीवन का उल्लेख करते हुए कहा कि महात्मा गांधी ने सादगी, ईमानदारी, मानवता, समानता और सामाजिक सद्भाव को अपने जीवन के मार्गदर्शक सिद्धांत बनाकर पूरी दुनिया में प्रेम और भाईचारे का संदेश फैलाया। उन्होंने देश की एकता और अखंडता की रक्षा करते हुए ऐसा समाज बनाने का आह्वान किया, जहां शांति, सद्भाव और भाईचारा कायम रहे। उन्होंने कहा, “आइए, हम उनके दिखाए न्यायपूर्ण मार्ग पर विजय की अपनी यात्रा जारी रखें।”
द्रविड़ मुन्नेत्र कषगम (द्रमुक) अध्यक्ष एम.के. स्टालिन ने भी महात्मा गांधी को भावभीनी श्रद्धांजलि दी। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में लिखा, “मेरा जीवन ही मेरा संदेश है: महात्मा गांधी की जयंती, जो कभी सत्य के मार्ग से विचलित नहीं हुए।”तेलंगाना के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ला और मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी ने शुक्रवार को महात्मा गांधी की जयंती के मौके पर यहां लंगर हाउस में बापू घाट डिजिटल संग्रहालय का उद्घाटन किया।
छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका ने महात्मा गांधी की जयंती पर स्वच्छ भारत अभियान के तहत लोक भवन परिसर के बाहर साफ-सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया। इससे पहले उन्होंने लोक भवन में महात्मा गांधी की जयंती पर उनके चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर नमन किया। इससे पहले लोक भवन में आयोजित कार्यक्रम में श्री डेका ने महात्मा गांधी को पुष्पांजलि दी।गांधी जयंती के अवसर पर मध्यप्रदेश विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने विधानसभा भवन के पूर्वी द्वार स्थित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आवास पर महात्मा गांधी के चित्रों पर श्रद्धासुमन अर्पित कर उनका भावपूर्ण स्मरण किया। श्री धामी ने कहा कि महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा और मानवता के सिद्धांत सदैव समाज को प्रेरणा देते रहेंगे। उन्होंने कहा कि गांधी जी के विचार आज भी शांति, सद्भाव और सामाजिक समरसता के लिए प्रासंगिक हैं।पंजाब विधानसभा अध्यक्ष कुलतार सिंह संधवां ने शुक्रवार को महात्मा गांधी की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
एक संदेश में श्री संधवां ने प्रदेशवासियों से महात्मा गांधी के दिखाये गये सत्य, अहिंसा और सद्भाव के मार्ग पर चलने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी असाधारण व्यक्तित्व के थे, जिनके दूरदर्शी नेतृत्व ने भारत की स्वतंत्रता के संघर्ष को नयी दिशा दी और ब्रिटिश औपनिवेशिक शासन के खिलाफ निर्णायक संघर्ष में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी के त्याग और बलिदान को सदियों तक याद किया जाएगा तथा आने वाली पीढ़ियां उनके जीवन, शिक्षाओं और दर्शन से प्रेरणा लेती रहेंगी।
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर शुक्रवार को पंजाब कांग्रेस भवन, सेक्टर-15 में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपिता को पुष्पांजलि अर्पित की। इस अवसर पर कांग्रेस सचिव रविंद्र दलवी, फाजिल्का जिला अध्यक्ष हरप्रीत सिंह सिद्धू, कांग्रेस के एससी विभाग के जिला अध्यक्ष रणजीत सिंह नागालिया, मोहाली के उपमहापौर कुलजीत सिंह बेदी सहित कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कांग्रेस नेताओं ने महात्मा गांधी के स्वतंत्रता संग्राम में योगदान को याद किया और सत्य, अहिंसा, शांति, सांप्रदायिक सद्भाव तथा समानता के उनके संदेश को स्मरण किया। उन्होंने महात्मा गांधी के जीवन और सिद्धांतों से जुड़े मूल्यों को बनाये रखने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।हरियाणा लोक भवन में राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष और प्रथम महिला मित्रा घोष ने महात्मा गांधी के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
गांधी जयंती के अवसर आयोजित कार्यक्रम में सर्व-धर्म प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया। इस दौरान रामधुन और महात्मा गांधी के प्रिय भजनों की प्रस्तुति दी गई। हिंदू, मुस्लिम, ईसाई और सिख धर्मगुरुओं ने प्रवचनों एवं भजनों के माध्यम से शांति, आपसी भाईचारे, सांप्रदायिक सद्भाव, राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संदेश दिया।इस अवसर पर महात्मा गांधी आदर्शों,सादगी और राष्ट्र के प्रति समर्पण को याद किया गया तथा देश के निर्माण में उनके अमूल्य योगदान को नमन किया गया।
गांधी जयंती के अवसर पर मध्यप्रदेश विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने विधानसभा भवन के पूर्वी द्वार स्थित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।इसके बाद श्री तोमर ने गांधी-नेहरू कक्ष में महात्मा गांधी तैल चित्रों पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर उनके सत्य, अहिंसा, सादगी और राष्ट्रसेवा के आदर्शों का स्मरण किया। इस अवसर पर विधानसभा के प्रमुख सचिव अरविंद शर्मा भी उपस्थित रहे।
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने महात्मा गांधी की जयंती पर उन्हें नमन कर श्रद्धांजलि अर्पित की। बापू ने सत्य और अहिंसा के रास्ते पर चलते हुए देश को स्वतंत्रता का मार्ग दिखाया और दुनिया को मानवता, शांति और सह-अस्तित्व का संदेश दिया।इसके अलावा देश भर में जगह-जगह स्थानों पर राष्ट्रपिता की जयंती के अवसर अनेक कार्यक्रम आयोजित किये गये और उन्हें श्रद्धांजलि दी गयी।