
इटावा , 04 अक्तूबर । श्रीकृष्ण जन्मभूमि के अदालती पक्षकार हिन्दू धर्म गुरु कौशल किशोर ठाकुर ने कहा कि कृष्ण वंशज होने का दावा करने वाले समाजवादी पार्टी (सपा) प्रमुख अखिलेश यादव को इस कानूनी लड़ाई में शामिल होना चाहिए। श्री ठाकुर ने श्रीकृष्ण जन्मभूमि के गर्भगृह को हिन्दुओं को सौंपने की मांग की है।
इटावा में एक समारोह में आए कथावाचक कौशल किशोर ठाकुर ने सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को ललकारते हुये कहा, “ स्वयं को कृष्ण वंशज बताने का दम भरने वाले अखिलेश श्रीकृष्ण जन्भूमि की कानूनी लड़ाई में आगे आकर दिखाए।” उन्होने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण जन्मभूमि की मुक्ति के लिए हम लोग कानूनी लड़ाई न्यायिक तौर पर अभी उच्च न्यायालय इलाहाबाद में लड़ रहे है। इसकी एक एसएलपी सुप्रीमकोर्ट में भी चल रही है। हमारी मांग है कि श्रीकृष्ण का जो वास्तविक गर्भगृह है जो साजिश के तहत 1967 में एक गलत तरीके से डिसीजन लेकर मुसलमानों के हाथों में दे दिया गया है। जो आंक्रांता थे, जिन्होंने हमारे भारत के अस्मता को लूटा और हमारी विरासतों को लूटा। आज उन्हीं का कब्जा है, तो आज हमारा देश आजाद कहा हुआ है। आजादी का प्रमुख स्वरूप तब होगा जब हमारी धार्मिक विरासतें स्वतंत्र होकर हमारे हाथों में आ जाएगी। इसी के लिए कानूनी लड़ाई चल रही है।
उन्होंने श्रीकृष्ण जन्मभूमि के मूल गर्भगृह को हिन्दुओं को सौंपने की मांग कर दावा किया कि सर्वे होने पर मस्जिद के नीचे शिवालय जरूर निकलेंगे। उन्होंने सपा प्रमुख पर तंज कसते हुए कहा कि जो नेता खुलकर भगवान श्रीकृष्ण की जय तक नहीं बोल सकते है उनसे जन्भूमि के पक्ष में बोलने की कोई उम्मीद भी बेकार है। धर्म से दूर भागने वाले लोग केवल मौलानाओं को खुश करने में ही लगे है। डिंपल यादव पर हुई बड़ी टिप्पणी पर भी अखिलेश यादव मौन बने रहे। सपा प्रमुख के कृष्ण वंशज पर सवाल उठाते हुए कहा कि ये सिर्फ तथाकथित वंशज हो सकते है।