भाजपा संगठन के प्रति समर्पण और निष्ठा बनी प्रकाश पाल की उन्नति की सीढ़ी

भाजपा संगठन के प्रति समर्पण और निष्ठा बनी प्रकाश पाल की उन्नति की सीढ़ी

कानपुर 05 अक्टूबर। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में ओबीसी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष प्रकाश पाल को पार्टी ने राज्यसभा प्रत्याशी बनाया है। राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ में पिछले 36 सालों से सक्रिय श्री पाल भाजपा में पिछले 21 सालों से विभिन्न पदों पर कार्य कर अपने कर्तव्य का सफल निर्वहन कर चुके हैं। कानपुर नगर में बर्रा दो क्षेत्र के निवासी 60 वर्षीय श्री पाल इसी साल ओबीसी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष का दायित्व संभालने से पहले मार्च 2023 से 2026 तक कानपुर बुंदेलखंड क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष का पदभार संभाल चुके थे। वह 2020 से मार्च 2023 तक पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष रहे थे जबकि 2018 से 2020 के बीच वह पार्टी संगठन में प्रदेश मंत्री थे।सधे शब्दों में बयानबाजी और अनुशासन प्रिय श्री पाल ने फतेहपुर में 1994 में जिला संगठन मंत्री के तौर पर भाजपा में अपने सफर की शुरुआत की थी। वह 1997 में हमीरपुर के जिला संगठन मंत्री बनाये गये। श्री पाल 1997 से 2007 के बीच अयोध्या,बांदा और कानपुर-इटावा में विभाग संगठन मंत्री के पद पर रहे। श्री पाल ने 2007 से 2013 के बीच क्षेत्रीय संगठन मंत्री पश्चिम के पद पर रहते हुये समर्पण भाव से पार्टी को मजबूत किया।

श्री पाल और कानपुर क्षेत्र से गोपी कृष्ण पांडेय को राज्यसभा प्रत्याशी बनाए जाने पर भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रीय एवं प्रदेश नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त किया है। भाजपा कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के अध्यक्ष राम किशोर साहू एवं क्षेत्रीय मीडिया संयोजक अनूप अवस्थी ने प्रकाश पाल और गोपी कृष्ण पांडेय को राज्यसभा प्रत्याशी बनाए जाने पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि यह निर्णय संगठन के समर्पित और कर्मठ कार्यकर्ताओं के लिए गौरव का विषय है। दोनों नेताओं के लंबे संगठनात्मक अनुभव, जनसेवा और पार्टी के प्रति समर्पण को सम्मान देते हुए नेतृत्व ने महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है।क्षेत्रीय अध्यक्ष राम किशोर साहू ने कहा कि प्रकाश पाल ने भाजपा संगठन को मजबूत करने में लंबे समय तक महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र में संगठन विस्तार से लेकर पिछड़े वर्ग के बीच पार्टी की विचारधारा को मजबूत करने तक उनका योगदान उल्लेखनीय रहा है। उनका राज्यसभा प्रत्याशी बनना पूरे क्षेत्र के भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए गौरव और उत्साह का विषय है।

क्षेत्रीय मीडिया संयोजक अनूप अवस्थी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय नेतृत्व तथा प्रदेश नेतृत्व द्वारा कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र को दिया गया यह सम्मान संगठन के प्रत्येक कार्यकर्ता का सम्मान है। उन्होंने कहा कि प्रकाश पाल का राज्यसभा प्रत्याशी बनना यह संदेश देता है कि भाजपा में निष्ठा, परिश्रम और संगठन के प्रति समर्पण को सदैव सम्मान मिलता है।उन्होंने कहा कि गोपी कृष्ण पांडेय को भी राज्यसभा प्रत्याशी बनाए जाने से कानपुर क्षेत्र में कार्यकर्ताओं का उत्साह और बढ़ा है। दोनों प्रत्याशियों के चयन से भाजपा कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार हुआ है।

भाजपा नेताओं ने विश्वास व्यक्त किया कि दोनों प्रत्याशी राज्यसभा में उत्तर प्रदेश और विशेष रूप से कानपुर क्षेत्र की आवाज को प्रभावी ढंग से उठाने के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।भाजपा कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं ने दोनों राज्यसभा प्रत्याशियों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल कार्यकाल की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Designed and Developed by Prakhar Dixit