
मुंबई, 19 अक्टूबर । घरेलू शेयर बाजारों में सोमवार को चौतरफा बिकवाली का दबाव देखा गया जिससे प्रमुख सूचकांक एक प्रतिशत से अधिक की गिरावट में रहे।बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 876.37 अंक (1.17 प्रतिशत) टूटकर 73,852.90 अंक की गिरावट में बंद हुआ। यह सुबह 120 अंक की तेजी के साथ 74,849 अंक पर खुला था, लेकिन तुरंत गिरावट में चला गया। बीच कारोबार में यह 73,708.54 अंक तक उतर गया।नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी-50 सूचकांक भी 257.20 अंक यानी 1.11 प्रतिशत नीचे 22,888.95 अंक पर बंद हुआ। पिछले कारोबारी दिवस पर दोनों प्रमुख सूचकांक तीन सप्ताह से अधिक के उच्चतम स्तर पर रहे थे।वृहत बाजार में भी सभी सूचकांकों में गिरावट रही। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 1.28 प्रतिशत और स्मॉलकैप-100 सूचकांक 1.08 प्रतिशत उतर गया।सेक्टर आधारित सूचकांकों में सार्वजनिक बैंकों को छोड़कर अन्य सभी समूहों के सूचकांक लाल निशान में रहे। वित्त, एफएमसीजी, आईटी, निजी बैंक, रियल्टी, टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद और रसायन समूहों के सूचकांक एक से दो प्रतिशत तक की गिरावट में रहे।एनएसई में जिन 3,664 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ उनमें से 2,717 कंपनियों के शेयरों में बिकवाली और 846 में लिवाली रही। अन्य 101 कंपनियों के शेयर अंततः अपरिवर्तित रहे।सेंसेक्स की 30 कंपनियों में से 25 के शेयर टूट गए। एक्सिस बैंक में 3.85 प्रतिशत की गिरावट रही। अल्ट्राटेक सीमेंट का शेयर 2.82 प्रतिशत, इंफोसिस का 2.72, बजाज फाइनेंस का 2.54, ट्रेंट का 2.43, एनटीपीसी का 2.37, एचडीएफसी बैंक का 2.27 और हिंदुस्तान यूनीलिवर का 2.16 प्रतिशत उतर गया।बजाज फिनसर्व का शेयर 1.97 प्रतिशत, भारती एयरटेल का 1.69, इटरनल का 1.40, आईसीआईसीआई बैंक का 1.06 और टाटा स्टील का 0.97 प्रतिशत नीचे बंद हुआ। सन फार्मा, आईटीसी, कोटक महिंद्रा बैंक, टाइटन, रिलायंस इंडस्ट्रीज, टेक महिंद्रा, महिंद्रा एंड महिंद्रा और पावरग्रिड के शेयर भी टूट गए।
वैश्विक स्तर पर एशिया में जापान का निक्केई 0.62 प्रतिशत टूट गया। चीन का शंघाई कंपोजिट 0.39 प्रतिशत ऊपर बंद हुआ। यूरोप में शुरुआती कारोबार में जर्मनी का डैक्स 1.39 फीसदी और ब्रिटेन का एफटीएसई 1.29 फीसदी नीचे था।