
नयी दिल्ली 21 अक्टूबर । कोलकाता के नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के जवानों ने दो यात्रियों के हैंड बैग से 1,19,900 डॉलर बरामद किए।बरामद विदेशी मुद्रा की कीमत करीब 1.13 करोड़ रुपये से अधिक है। दोनों यात्री भूटान एयरलाइंस की उड़ान से बैंकॉक जाने वाले थे। सीआईएसएफ ने 19 अक्टूबर को सुरक्षा जांच के दौरान संदिग्ध सामान की पहचान की, जिसके बाद बैग की तलाशी में डॉलर मिले।सीआईएसएफ के अनुसार, 19 अक्टूबर को सुबह करीब 10 बजकर 20 मिनट पर अंतरराष्ट्रीय टर्मिनल के सुरक्षा जांच क्षेत्र में एक्स-रे स्कैन के दौरान दो यात्रियों के बैग में संदिग्ध तस्वीरें दिखाई दीं। इसके बाद बैग की जांच की गई। तलाशी के दौरान दोनों बैग के नकली निचले हिस्से में अखबार में लपेटकर छिपाए गए डॉलर मिले।एक यात्री के बैग से 74,900 डॉलर और दूसरे यात्री के बैग से 45,000 डॉलर बरामद किए गए। इनकी कुल कीमत करीब 1,13,64,002 रुपये बताई गई है।जरूरी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद दोनों यात्रियों और बरामद विदेशी मुद्रा को आगे की कार्रवाई के लिए सीमा शुल्क विभाग की एयर इंटेलिजेंस यूनिट को सौंप दिया गया।मंगलवार को 74,900 डॉलर के साथ पकड़े गए यात्री को जांच और जब्ती की कार्रवाई के बाद आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए सीमा शुल्क अधिकारियों ने जिला एवं सत्र न्यायालय में पेश किया। वहीं, दूसरे यात्री को 45,000 डॉलर के लिए हिरासत रसीद जारी करने के बाद सीमा शुल्क विभाग ने छोड़ दिया।