
लखनऊ, 22 अक्टूबर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह को जन्मदिन पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।मुख्यमंत्री ने अमित शाह को कुशल रणनीतिकार और संगठन शिल्पी बताते हुए उनके उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और यशस्वी जीवन की कामना की। योगी ने ‘एक्स’ पर अपने संदेश में कहा, ‘‘कुशल रणनीतिकार व संगठन शिल्पी, माननीय केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह जी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई।’’
उन्होंने कहा कि देश की आंतरिक सुरक्षा को अभेद्य बनाने, सहकारिता क्षेत्र को नई दिशा देने और एक सशक्त एवं सुरक्षित भारत के निर्माण में अमित शाह का योगदान अतुलनीय है। अमित शाह ने देश की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के साथ-साथ सहकारिता क्षेत्र को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने अमित शाह के दीर्घ एवं यशस्वी जीवन की कामना करते हुए कहा, ‘‘प्रभु श्री राम से आपके लिए उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और यशस्वी जीवन की प्रार्थना है।’’