
नयी दिल्ली, 24 अक्टूबर । लिकटेंस्टाइन के कार्यवाहक राष्ट्राध्यक्ष और राजकुमार एलोइस रविवार को भारत की चार दिन की राजकीय यात्रा पर आएंगे।विदेश मंत्रालय ने शनिवार को बताया कि वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर यहां आ रहे हैं।इस दौरान उनकी प्रधानमंत्री के साथ व्यापार, निवेश, विज्ञान, तकनीक, नवाचार और दोनों देशों के लोगों के बीच संपर्क बढ़ाने जैसे मुद्दों पर द्विपक्षीय बैठक होगी। बैठक में क्षेत्रीय और वैश्विक घटनाक्रम पर भी विचारों का आदान-प्रदान किया जाएगा।
राजकुमार एलोइस के साथ उनकी पत्नी राजकुमारी सोफी के अलावा वरिष्ठ अधिकारियों और प्रमुख उद्योगपतियों का एक प्रतिनिधिमंडल भी भारत आएगा।यह 2026 में राजकुमार एलोइस का भारत का दूसरा दौरा होगा। इससे पहले वह फरवरी में एआई शिखर सम्मेलन में शामिल होने भारत आए थे। इससे पहले उन्होंने 2010 और 2018 में भी भारत का दौरा किया था।
यात्रा के दौरान राजकुमार एलोइस राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से भी मुलाकात करेंगे। राष्ट्रपति उनके सम्मान में आधिकारिक भोज का आयोजन करेंगी। विदेश मंत्री एस. जयशंकर भी राजकुमार एलोइस से मुलाकात करेंगे।विदेश मंत्रालय के अनुसार, इस दौरे से भारत और लिकटेंस्टीन के बीच बढ़ते संबंधों को और गति मिलने की उम्मीद है। खास तौर पर 2025 में भारत और यूरोपीय मुक्त व्यापार संघ के बीच व्यापार एवं आर्थिक साझेदारी समझौता लागू होने के बाद दोनों पक्षों के बीच सहयोग बढ़ाने पर जोर रहेगा।
इस दौरे का उद्देश्य भारत और लिकटेंस्टीन के बीच मैत्रीपूर्ण संबंधों को और मजबूत करना तथा आपसी हित के नए क्षेत्रों में साझेदारी की संभावनाओं को आगे बढ़ाना है।