
अमेठी 18 जून : उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने रविवार को कांग्रेस पर तीखा हमला करते हुए कहा कि कांग्रेस ने सत्ता के लालच में गरीबों को विकास से वंचित रखा। गौरीगंज में एक जनसभा को संबोधित करते हुए प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ने कहा कि गांधी परिवार ने गरीबों का घर इसलिए नहीं बनाया कि गरीबों के घर हो जाएंगे तो यह लोग उनको वोट नहीं देंगे। वोट ना मिलने से सत्ता से बेदखल हो जाएंगे। सत्ता की लालच में गांधी परिवार गरीबों को विकास योजनाओं से वंचित रखा। गांधी परिवार पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी ,राहुल गांधी और प्रियंका गांधी अमेठी में केवल फोटो सेशन कराने आते थे। गरीबों के घर जाकर उनके साथ फोटो खिंचवा कर वापस चले जाते थे। उन्होंने कभी गरीबों के दर्द पर मरहम लगाने का काम नहीं किया। गांधी परिवार को गरीबी का दर्द पता नहीं है,जो गरीबों को दर्द नहीं जानता है ,वह उनके दर्द को कैसे दूर करेगा । उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री प्रधान नरेंद्र मोदी गरीबों के दर्द को समझते है। उन्होंने विकास की योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि अमेठी जिले में नब्बे हजार लोगों को आवास दिया गया। आज योगी और मोदी की नेतृत्व वाली सरकार गरीबों के दर्द का निवारण कर रही है। आज गरीबों का घर बन रहा है। शौचालय बन रहा है ।उनको इलाज के लिए आयुष्मान कार्ड बन गया है। एक गरीब व्यक्ति को मिला हुआ आवास किसी ताजमहल से कम नहीं है। पहले लोग झोपड़ी में दिया जलाकर कर जीवन यापन करते थे। आज वही गरीब पक्के मकान में रह रहे हैं। बिजली-पानी की व्यापक व्यवस्था उनके घर पर है। मौर्य ने कहा कि राहुल गांधी अमेरिका में जाकर जो बयान दिए वह देश के लिए बहुत बड़ा दुर्भाग्य है।अस्सी के दशक में सत्ता तो कांग्रेस के पास ही थी जबकि वास्तविकता तो यह है कि हमारे देश के मुसलमान अब पूरी तरह सुरक्षित है।सरकार की योजनाओं को गिनाते हुए उन्होंने कहा आज बिना भेद भाव के ही सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों को मिल रहा है।