प्रधानमंत्री पर राहुल गांधी की टिप्पणी अहंकार और हताशा का परिणाम: भाजपा

प्रधानमंत्री पर राहुल गांधी की टिप्पणी अहंकार और हताशा का परिणाम: भाजपा

नयी दिल्ली, 04 नवंबर। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी की ओर से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह को लेकर की गयी टिप्पणियों को उनके अहंकार और हताशा का परिणाम बताया है और प्रधानमंत्री को चर्चा की चुनौती देने को संविधान की मूल भावना का अपमान बताया है।भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने बुधवार को यहां संवाददाताओं से बात करते हुए पंजाब के संगरूर में रैली के दौरान श्री गांधी द्वारा श्री मोदी और श्री शाह को लेकर की गयी टिप्पणी को लेकर उन पर निशाना साधा और कहा कि यह देश का दुर्भाग्य है कि श्री गांधी विपक्ष के नेता हैं। यह कांग्रेस के लिए और भी बड़ा दुर्भाग्य है। उन्होंने अपने अहंकार और हताशा से प्रेरित होकर पंजाब में प्रधानमंत्री और गृह मंत्री के बारे में बेबुनियाद टिप्पणियां कीं। उन्होंने कहा कि पंजाब से नशे को खत्म करने की तय समयसीमा तक केंद्र सरकार सत्ता में नहीं रहेगी।उन्होंने कहा, “श्री गांधी, शायद आप यह नहीं समझते कि संकल्प का क्या अर्थ होता है और किसी संकल्प को वास्तविकता में कैसे बदला जाता है। यदि आप सीखना चाहते हैं, तो हमारे नेताओं से सीखिए। गृह मंत्री ने कहा था कि 31 मार्च, 2026 तक नक्सलवाद खत्म कर दिया जाएगा। केवल नक्सलवाद खत्म कर दिया गया है, बल्कि पिछले 12 महीने में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) का एक भी जवान शहीद नहीं हुआ। गत 47 वर्षों में ऐसा पहली बार हुआ हुआ है, जब एक साल की अवधि के दौरान नक्सलवाद के कारण सीआरपीएफ का कोई जवान शहीद नहीं हुआ है। “

उन्होंने कहा, “हम दोहराना चाहते हैं कि पंजाब दौरे के दौरान श्री गांधी ने जिस भाषा का इस्तेमाल किया, वह भारत के लोगों का अपमान है। यह अपनी विफलताओं को छुपाने के लिए केवल एक सस्ती चाल है।”श्री त्रिवेदी ने कहा कि 2011 में श्री गांधी ने कहा था कि आतंकवाद पर काबू पाना पूरी तरह असंभव है। आज भारत ने आतंकवाद पर इतनी प्रभावी ढंग से काबू पाने में सफलता हासिल की है कि दक्षिण कश्मीर के तीन से चार जिलों को छोड़कर लगभग पूरे देश से आतंकवाद खत्म हो चुका है। इस तरह से श्री गांधी की भविष्यवाणी गलत साबित हुई है। उन्होंने (श्री गांधी) भारतीय बीमा निगम (एलआईसी) को खत्म मान लिया था, लेकिन अब वह रिकॉर्ड स्तर का मुनाफा दर्ज कर रही है। उन्होंने कहा था कि भारतीय स्टेट बैंक खत्म हो गया है, लेकिन वह भी रिकॉर्ड स्तर का मुनाफा दर्ज कर रहा है। उन्होंने दावा किया था कि हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (एचएएल) बर्बाद हो गया है, लेकिन वह भी रिकॉर्ड मुनाफा दर्ज कर रहा है।

भाजपा प्रवक्ता ने कहा, “मेरा मानना है कि अपनी रैली (रामलीला मैदान में) की नाकामी को छिपाने के लिए श्री गांधी अब अपने कुछ कथाकथित परामर्श दाताओं की सलाह पर ऐसे अजीब बयान दे रहे हैं। वह कहते हैं कि वह डिबेट (चर्चा) के लिए तैयार हैं। संविधान बनाने वालों ने भारत में डिबेट के लिए संसद को सबसे ऊंचा मंच माना है। अगर कोई व्यक्ति जो विपक्ष का नेता है, कहता है कि वह सदन में चर्चा नहीं करना चाहता, तो यह संविधान बनाने वालों के नजरिये और संविधान की मूल भावना का अपमान है।”उन्होंने श्री गांधी पर हमला बोलते हुए कहा कि जब आप सांसद होते हैं, तो आप न सिर्फ उन लाखों लोगों को प्रतिनिधित्व करते हैं जिन्होंने आपको चुना है, बल्कि उन करोड़ों लोगों को भी प्रतिनिधित्व करते हैं जिन्होंने देश भर में सांसदों को चुना है। सदन में मुद्दों पर चर्चा करने से मना करके आप उसी मकसद का मज़ाक उड़ा रहे हैं जिसके लिए आपको चुना गया था। आपको वहां मुद्दों पर चर्चा करने के लिए भेजा गया था, लेकिन आप हमेशा भाग जाते हैं। वर्ष 2024 में सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाया गया और प्रधानमंत्री ने जैसे ही बोलना शुरू किया, आप बहिर्गमन कर गये। मणिपुर के मुद्दे पर चर्चा के दौरान भी यही हुआ। जब भी प्रधानमंत्री किसी मुद्दे पर बोलना शुरू करते हैं श्री गांधी भाग जाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Designed and Developed by Prakhar Dixit