..तो आईपीएल 2027 में मुंबई इंडियंस को क्या नया कप्तान मिलेगा

..तो आईपीएल 2027 में मुंबई इंडियंस को क्या नया कप्तान मिलेगा

मुंबई, 07 नवम्बर । मुंबई इंडियंस (एमआई) के पास आईपीएल 2027 में नया कप्तान होगा। क्रिकइंफो को पता चला है कि पांच बार की आईपीएल चैंपियन टीम हार्दिक पंड्या को पंजाब किंग्स के साथ ट्रेड करने की तैयारी में है। इस ट्रेड के तहत बाएं हाथ के तेज़ गेंदबाज़ अर्शदीप सिंह मुंबई की टीम में आएंगे।

क्रिकइंफो को पता चला है कि इस ट्रेड को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया चल रही है। दोनों फ्रेंचाइज़ी ने आईपीएल के सामने अपनी दिलचस्पी ज़ाहिर कर दी है। अब अगला क़दम खिलाड़ियों की लिखित सहमति लेना है, जो अगले 24 घंटों में मिलने की संभावना है। इसके बाद दोनों फ्रेंचाइज़ी अंतिम बातचीत करेंगी और फिर आईपीएल इस ट्रेड को मंज़ूरी देगा।

माना जा रहा है कि आईपीएल 2026 के दूसरे हिस्से से ही हार्दिक और एमआई के बीच कई बार बातचीत हुई थी। इसके बाद इस ऑलराउंडर ने फ्रेंचाइज़ी को बताया कि वह टीम से रिलीज़ होना चाहते हैं। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) को छोड़कर एमआई ने ट्रेड की संभावना तलाशने के लिए लगभग सभी दूसरी टीमों से बातचीत की थी।

आईपीएल 2026 में नौवें स्थान पर रहने के बाद एमआई के लिए यह साफ़ हो गया था कि उसे जसप्रीत बुमराह का साथ देने के लिए एक और तेज़ गेंदबाज़ की ज़रूरत है। ट्रेंट बोल्ट को 2025 की मेगा नीलामी में 12.5 करोड़ रुपये में ख़रीदा गया था, लेकिन वह पिछले सीज़न प्रभावी नहीं रहे और सिर्फ़ पांच मैच खेल पाए। बोल्ट को रिलीज़ करना अब भी एक विकल्प है, लेकिन अर्शदीप के रूप में एमआई को एक मज़बूत विकल्प मिल सकता है। वह बुमराह की तरह मैच के हर चरण में गेंदबाज़ी करने की क्षमता रखते हैं। दिलचस्प बात यह है कि अर्शदीप ने अपना पिछला आईपीएल मैच वानखेड़े स्टेडियम में एमआई के ख़िलाफ़ खेला था और उन्हें प्लेयर ऑफ़ द मैच चुना गया था। वानखेड़े एमआई का घरेलू मैदान है।

आईपीएल में पहली बार अर्शदीप पंजाब के अलावा किसी दूसरी टीम के लिए खेलेंगे। 2019 में इसी फ्रेंचाइज़ी के लिए डेब्यू करने के बाद से उन्होंने 96 मैचों में 9.18 की इकॉनमी रेट से 111 विकेट लिए हैं। यश ठाकुर और विजयकुमार वैशाक पंजाब के अन्य दो भारतीय तेज़ गेंदबाज़ हैं।

पिछले तीन साल में यह दूसरी बार है, जब हार्दिक किसी ट्रेड का हिस्सा बन रहे हैं। आईपीएल 2024 से पहले एमआई ने हार्दिक को गुजरात टाइटंस से पूरी नक़द राशि के सौदे में अपनी टीम में शामिल किया था और उन्हें कप्तान बनाया था। उन्होंने रोहित शर्मा की जगह ली थी, जिनकी कप्तानी में फ्रेंचाइज़ी ने पांच आईपीएल ख़िताब जीते थे।

हार्दिक की वापसी से एमआई को लंबे समय के लिए कप्तान और मैच जिताने वाला ऑलराउंडर मिलने की उम्मीद थी, लेकिन वह दोनों मोर्चों पर संघर्ष करते नज़र आए। तीन साल की कप्तानी के दौरान एमआई 2024 में आख़िरी स्थान पर रही और अगले सीज़न प्लेऑफ़ में पहुंची, लेकिन 2026 में टीम का प्रदर्शन एक बार फिर अस्थिर रहा। 2024 से हार्दिक की कप्तानी में खेले गए 39 मैचों में एमआई ने 15 जीते और 24 गंवाए।

एमआई के लिए हार्दिक का जीत-हार अनुपात 0.625 रहा, जो आईपीएल में किसी टीम के कप्तान के तौर पर सबसे ख़राब है। इस आंकड़े में सुपर ओवर के नतीजे शामिल नहीं हैं और कम से कम 30 मैचों में कप्तानी करने वाले खिलाड़ियों को ही गिना गया है। गुजरात में उनके कप्तानी रिकॉर्ड से इसकी तुलना करें तो तस्वीर बिल्कुल अलग दिखती है। वहां 31 मैचों में उन्होंने 22 जीत और नौ हार दर्ज की। उनका 2.444 का जीत-हार अनुपात आईपीएल के सर्वश्रेष्ठ अनुपातों में शामिल है। वह आरसीबी के रजत पाटीदार के 2.500 (28 मैच) से मामूली अंतर से पीछे हैं।

आईपीएल 2027 से पहले एमआई ने अपने टीम प्रबंधन में भी बदलाव किए हैं। कीरोन पोलार्ड को मुख्य कोच बनाया गया है, जबकि रॉबिन उथप्पा (बल्लेबाज़ी कोच), मिचेल मैक्लेनघन (गेंदबाज़ी कोच) और टी दिलीप (फ़ील्डिंग कोच) सहयोगी स्टाफ़ में शामिल हुए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Designed and Developed by Prakhar Dixit