अयोध्या: राम मंदिर ट्रस्ट ने किया अक्षत पूजन

अयोध्या: राम मंदिर ट्रस्ट ने किया अक्षत पूजन

अयोध्या, 05 नवम्बर। श्रीरामजन्मभूमि पर रामलला का प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव को भव्य बनाने के लिए राम मंदिर ट्रस्ट ने रविवार को अक्षत पूजन किया।
     विश्व हिन्दू परिषद के प्रवक्ता ने बताया कि श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट द्वारा आयोजित अक्षत पूजन कार्यक्रम में 45 प्रांतों से आये हुए प्रतिनिधियों को पीतल धातु में रखे हुए पांच-पांच किलो पूजित अक्षत रखकर समर्पित किया गया। इस अक्षत कलश की पूजा श्रीरामजन्मभूमि पर विराजमान रामलला के अस्थायी मंदिर में आज सम्पन्न हुआ। उन्होंने बताया कि श्रीरामलला प्राण प्रतिष्ठा बाइस जनवरी को आयोजित कार्यक्रम को दिव्य स्वरूप प्रदान करने के लिये देश के पैंतालिस प्रांतों से कार्यकर्ताओं को अवध धाम में आमंत्रित किया गया है। यह कार्यकर्ता अपने-अपने प्रांतों में पूजित अक्षत को लेकर जायेंगे। तत्पश्चात इन अक्षतों का वितरण देश के करोड़ों रामभक्तों में किया जायेगा।
     श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र का मानना है कि हम पांच लाख से ऊपर गांव तक अक्षत को वितरित कर सम्पूर्ण राष्ट्र राममय होगा और जिस दिन भगवान श्रीरामलला अपने सिंहासन पर विराजमान होंगे उस दिन सम्पूर्ण देश उत्सव मानकर विश्व को सामाजिक, धार्मिक समन्वय का संदेश प्रदान करेगा।
     श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चम्पत राय, ट्रस्ट के ट्रस्टीगण महंत दिनेन्द्र दास, डा. अनिल मिश्रा, जगद्गुरू माधवाचार्य, सांसद लल्लू सिंह, नगर निगम अयोध्या के मेयर गिरीशपति त्रिपाठी, महंत रामकुमार दास, पुजारी रमेश दास, महंत जयराम दास, विश्व हिन्दू परिषद के संयुक्त मंत्री कोटेश्वर राव, केन्द्रीय उपाध्यक्ष मीनाक्षी पिश्वे, बजरंग दल के पूर्व संयोजक क्षेत्रीय संगठन मंत्री मनोज वर्मा, सोहन सोलंकी, गोरक्षा प्रांत के क्षेत्रीय धर्म प्रसार प्रमुख प्रदीप पाण्डेय, प्रांत संयोजक राकेश वर्मा, क्षेत्रीय संगठन मंत्री गजेन्द्र सिंह, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सह क्षेत्र सम्पर्क प्रमुख मनोज, प्रांत पदाधिकारी पूर्णेन्द्र, राजेश सिंह, चौरासी कोस परिक्रमा के प्रमुख सुरेन्द्र सिंह, विश्व हिन्दू परिषद के प्रवक्ता शरद शर्मा सहित आदि लोग मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *