सपा विधायक एसपी यादव का निधन

सपा विधायक एसपी यादव का निधन

बलरामपुर, 26 जनवरी । समाजवादी पार्टी (सपा) विधायक और उत्तर प्रदेश के पूर्व मंत्री डा शिव प्रताप यादव का शुक्रवार को हृदयघात से निधन हो गया। वह करीब 74 वर्ष के थे।
     परिजनो के अनुसार गुड़गांव के मेदांता हॉस्पिटल में आज सुबह लगभग सवा आठ बजे उन्होंने अंतिम सांस ली। डा यादव बलरामपुर जिले के गैसडी में सपा विधायक थे। श्री यादव के निधन पर विभिन्न राजनैतिक दलों के नेताओं नें शोक व्यक्त किया है।
       सपा नेता सूरज सिंह ने बताया कि एसपी यादव ने गोरखपुर यूनिवर्सिटी से स्नातक की पढ़ाई की, फिर गृह जिले बलरामपुर  स्थित एमएलके पीजी कॉलेज में प्रवक्ता व बायोलॉजी के प्रोफेसर के रूप में सेवायें दी। डा.यादव ने लोकदल से राजनीतिक सफर शुरू किया। फिर समाजवादी पार्टी के संस्थापक मंडल में शामिल होकर पार्टी को शिखर तक  सपा संंस्थापक मुलायम सिंह यादव के कंधे से कंधा मिलाकर पहुंचाया। श्री यादव 1993 के विधानसभा चुनाव में पार्टी का परचम लहराया और लखनऊ विधानसभा पहुंचे। इसके बाद वर्ष 2002 के चुनाव में पुनः जीत दर्ज कराकर जब वे दूसरी बार विधायक बने तो पार्टी प्रमुख मुलायम सिंह नें उन्हें मंत्री पद का तोहफा देकर कृषि राज्यमंत्री बना दिया।
      श्री यादव का राजनीतिक सफर उनकी कार्यशैली कुशलता और सरलता के कारण सुगम होता गया और गैसडी की जनता ने तीसरी बार 2012 में चुना। फिर अखिलेश यादव की सरकार में वे जन्तु व उद्यान मंत्री बनाये गये। डा.यादव नें देवीपाटन मंडल में ऐतिहासिक जीत 2022 में जीत दर्ज कराकर भाजपा को मात दी और चौथी बार विधायक बन गये।            उन्होंने बताया कि एसपी यादव का पार्थिव शरीर गैसडी स्थित उनके पैतृक आवास पर लाया जा रहा है। उनके आवास पर अंतिम दर्शन के लिये सभी राजनैतिक दलों के नेताओं समाजसेवियों व अन्य आमजन का तांता लगा हुआ है। उनका अंतिम संस्कार शनिवार को पैतृक गांव के समीप किया जायेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *