बसपा सांसद संगीता आजाद भाजपा में शामिल

बसपा सांसद संगीता आजाद भाजपा में शामिल

नयी दिल्ली, 18 मार्च । उत्तर प्रदेश में आजमगढ़ के लालगंज से बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की सांसद श्रीमती संगीता आजाद, बसपा पूर्व विधायक आजाद अरिमर्दन एवं उच्चतम न्यायालय की अधिवक्ता श्रीमती सीमा कुशवाहा ने सोमवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सदस्यता ग्रहण की।
         उन्होंने भाजपा के केंद्रीय कार्यालय में पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े, उत्तर प्रदेश उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, उत्तरप्रदेश भाजपा प्रदेशाध्यक्ष भूपेन्द्र चौधरी, राष्ट्रीय मीडिया सह-प्रभारी संजय मयूख की उपस्थिति में भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।
         भाजपा महासचिव श्री तावड़े ने श्रीमती आजाद, श्री अरिमर्दन और श्रीमती कुशवाहा का भाजपा परिवार में स्वागत किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चलाई गई जनहितकारी नीतियों से प्रभावित होकर इन तीनों नेताओं ने भाजपा में शामिल होने का निर्णय लिया है।
        श्रीमती आजाद ने प्रधानमंत्री श्री मोदी, भाजपा अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा एवं केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह सहित भाजपा के शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि श्री मोदी की महिला उत्थान एवं जनकल्याणकारी नीतियों से प्रभावित होकर वह आज भाजपा के परिवार में शामिल हो रही हैं। श्रीमती आजाद ने सच्ची निष्ठा और कर्मठता के श्री मोदी के 400 पार के लक्ष्य को पूरा करने में अपना योगदान देने का संकल्प लिया।
         श्रीमती कुशवाहा ने प्रधानमंत्री, श्री नड्डा, श्री शाह एवं मंचासीन सभी नेतागण का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उन्हें खुशी है कि वे आज पूरे विश्व को एक कुटुंब मानने वाले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के परिवार का हिस्सा बनी है। श्री मोदी के नेतृत्व में चलाई जा रही जनकल्याण नीतियों से प्रभावित होकर उन्होंने भाजपा में शामिल होने का निर्णय लिया है। उन्होंने पार्टी नेताओं के मार्गदर्शन में विकसित भारत के लक्ष्य को पूरा करने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Designed and Developed by Prakhar Dixit