सामाजिक न्याय के सपने को मोदी ने किया साकार: योगी

सामाजिक न्याय के सपने को मोदी ने किया साकार: योगी

लखनऊ 02 जुलाई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने सामाजिक न्याय के नारों को जमीन पर उतारा है। उनका नारा सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास सामाजिक न्याय का सबसे बेहतरीन उदाहरण है। देश में चल रही एनडीए सरकार की लोकल्याणकारी योजनाएं सामाजिक न्याय की मिसाल हैं।
      अपना दल संस्थापक डॉ. सोनेलाल पटेल की 74वीं जन्म जयंती के अवसर पर रविवार को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित ‘जन-स्वाभिमान दिवस’ के कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुये श्री योगी ने कहा कि डॉ. पटेल का पूरा जीवन सामाजिक न्याय के लिए समर्पित था। सामाजिक न्याय के जिन सपनों के लिए डॉ. पटेल ने संघर्ष किया था, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने विगत नौ वर्षों में उन्हें साकार किया।
     उन्होंने कहा कि प्रतापगढ़ के राजकीय मेडिकल कॉलेज का नाम डॉ. सोनेलाल के नाम पर रखा गया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में पूरे देश में भाजपा और एनडीए का झंडा बुलंद हो रहा है। पूरे देश में शासन की योजनाएं बिना किसी भेदभाव के लोगों तक पहुंच रही हैं। भारत के प्रत्येक नागरिक को समान रूप से आगे बढ़ने का अवसर मिल रहा है।
       योगी ने कहा कि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के नेतृत्व नए भारत के अंदर सुरक्षा का बेहतर वातावरण बना है। कश्मीर आज विकास और लोकतंत्र की मुख्य धारा के साथ जुड़ गया है। बाबा बर्फानी की यात्रा पूरे उत्साह के साथ आगे बढ़ रही है। 2014 के पहले नक्सलवाद देश के सवा सौ जिलों तक फैल चुका था, जो आज तीन-चार जिलों तक सीमित हो गया है।
     उन्होंने कहा कि गृहमंत्री अमित शाह के नेतृत्व में बहुत ही जल्द नक्सलवाद के ताबूत में आखिरी कील भी ठोक दी जाएगी।  कार्यक्रम में अभाजपा समेत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के कई नेता शामिल हुए। इसमें उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्या और ब्रजेश पाठक, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष चौधरी भूपेंद्र सिंह, रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय केंद्रीय सामाजिक न्याय और अधिकारिता राज्य मंत्री रामदास अठावले, अपना दल (एस) की राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुप्रिया पटेल और निषाद पार्टी के अध्यक्ष संजय निषाद समेत अन्य नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Designed and Developed by Prakhar Dixit