श्रीजेश को ‘आधुनिक भारतीय हॉकी के भगवान’ की उपाधि

श्रीजेश को ‘आधुनिक भारतीय हॉकी के भगवान’ की उपाधि

नयी दिल्ली, 14 अगस्त । महान गोलकीपर पीआर श्रीजेश को हॉकी इंडिया ने बुधवार को ‘आधुनिक भारतीय हॉकी के भगवान’ की उपाधि से सम्मानित किया।
    आज यहां श्रीजेश के सम्मान में आयोजित समारोह में हॉकी इंडिया ने उनके भारतीय हॉकी में योगदान के लिए गुलदस्ता, स्मृति चिन्ह और 25 लाख रुपये की पुरस्कार राशि भेंट की। इसके साथ शीर्ष संस्था ने पुरुष सीनियर टीम से श्रीजेश की जर्सी नंबर 16 को रिटायर करने की भी घोषणा की।
     श्रीजेश ने 18 साल भारतीय हॉकी को समर्पित किये। उन्होंने हाल ही में संपन्न हुये पेरिस ओलंपिक में भारत को कांस्य पदक जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जैसा कि उन्होंने टोक्यो 2020 में किया था। इस उपलब्धि ने 52 वर्षों के बाद टीम को लगातार दूसरी बार पोडियम पर पहुंचाया, जिससे ग्रीष्मकालीन ओलंपिक खेलों में भारतीय पुरुष हॉकी टीम के पदकों की रिकॉर्ड संख्या 13 हो गई।
     इस कार्यक्रम में श्रीजेश की पत्नी, बच्चे और माता-पिता समेत उनके परिवार के सदस्य, हॉकी इंडिया के अध्यक्ष पद्मश्री डॉ. दिलीप टिर्की, हॉकी इंडिया के महासचिव भोला नाथ सिंह, हॉकी इंडिया के कार्यकारी सदस्य, भारतीय महिला हॉकी टीम के मुख्य कोच हरेंद्र सिंह और श्रीजेश के मौजूदा और पूर्व साथी भी मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *