राष्ट्र प्रथम का भाव भारत को दुनिया की बड़ी ताकत बनायेगा: योगी

राष्ट्र प्रथम का भाव भारत को दुनिया की बड़ी ताकत बनायेगा: योगी

लखनऊ 15 अगस्त । उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि राष्ट्र प्रथम का भाव विकसित भारत के सपने को साकार करेगा और इसके लिये हर नागरिक को अपने दायित्व का ईमानदारी से निर्वहन करना होगा।
    अपने सरकारी आवास पर ध्वजारोहण करने के बाद योगी ने कहा कि 77 वर्ष पूर्व आज ही के दिन देश स्वतंत्र हुआ था। सैकड़ो वर्षों की पराधीनता के कालखण्ड के उपरान्त देश को स्वतंत्रता अचानक एक दिन में नहीं मिली। एक लम्बे संघर्ष एवं आन्दोलन के उपरांत यह दिन हम सभी को प्राप्त हुआ। यह दिवस भारत माता के महान सपूतों को स्मरण करने के साथ ही हम सभी को उन संकल्पों के साथ जुड़ने का एक अवसर प्रदान कर रहा है।  
     उन्होने कहा कि विकसित भारत के लिए राष्ट्र प्रथम के भाव के साथ हम सभी को जुड़ना होगा। राष्ट्र प्रथम का यह भाव भारत को दुनिया की सबसे बड़ी ताकत के रूप में स्थापित करेगा। अपने व्यक्तिगत स्वार्थ से ऊपर उठकर हम नागरिक कर्तव्य के साथ जुड़ते हुए राष्ट्र प्रथम के भाव के साथ आगे बढ़ेंगे, तो दुनिया की कोई ताकत इस नए मार्ग में बाधा नहीं बन पाएगी।  
       मुख्यमंत्री ने कहा कि विगत 10 वर्षों में हमने एक नए भारत का दर्शन किया है। यह नया भारत एक भारत भी है और श्रेष्ठ भारत भी। इस दौरान भारत ने प्रत्येक क्षेत्र में अभूतपूर्व प्रगति की है। देश की प्रगति के साथ हम भी सहभागी बने इसके लिए आजादी के अमृत महोत्सव वर्ष में प्रधानमंत्री ने हर भारतवासी को पंचप्रण के संकल्प के साथ जोड़ा था। यह पंचप्रण प्रत्येक नागरिक को आजादी के संकल्पों को पूरा करने के अपने दायित्व से जुड़ने का एक अभियान है।
      उस अभियान का हिस्सा सभी बन सकें, इसके लिए प्रधानमंत्री ने जो आह्वान देशवासियों से किया, उस आह्वान के साथ राज्य सरकार ने भी जुड़ते हुए लगातार प्रयास किए हैं। 25 करोड़ की आबादी के राज्य उत्तर प्रदेश ने विगत सात वर्ष के दौरान एक नई यात्रा प्रारम्भ की है। यह यात्रा समृद्धि और सुरक्षा की यात्रा है। यह यात्रा प्रत्येक नागरिक के चेहरे पर खुशहाली लाने की यात्रा है। इस यात्रा के सुखद परिणाम भी अब आते हुए दिखाई दे रहे हैं।
     मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत ने वर्ष 2014 से वर्ष 2024 तक 10 वर्षों में दुनिया की दसवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था से पांचवी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था की एक यात्रा तय की है। वहीं उत्तर प्रदेश ने भी विगत सात वर्षों के दौरान देश की छठी-सातवीं अर्थव्यवस्था से आज देश की दूसरी अर्थव्यवस्था के रूप में अपना स्थान बनाया है। आज उत्तर प्रदेश देश की जीडीपी में 9.2 प्रतिशत का योगदान करके, भारत का ग्रोथ इंजन बनने की दिशा में पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है। विगत 07 वर्षों में उत्तर प्रदेश ने सुरक्षा एवं इंफ्रास्ट्रक्चर का भी एक मॉडल दिया है।
      उन्होने कहा कि विगत सात वर्षों में उत्तर प्रदेश ने प्रधानमंत्री के संकल्पों, आजादी के नायकों के सपनों को साकार करते हुए आगे बढ़ने का जो संकल्प लिया, वह संकल्प आज साकार होते हुए दिखाई दे रहे हैं। जिस पंचप्रण का संकल्प प्रधानमंत्री ने हम सभी को दिलाया है इसमें नागरिक कर्तव्य भी सम्मिलित है। सभी का दायित्व बनता है कि आज देश और प्रदेश का कोई भी नागरिक जिस क्षेत्र में काम कर रहा है, अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन ईमानदारी पूर्वक करे।
      मुख्यमंत्री ने कहा कि सुरक्षा के क्षेत्र में काम करने वाले लोगों का दायित्व है कि वह सुरक्षा से सम्बन्धित अपने कार्यों को पूरी ईमानदारी व प्रतिबद्धता के साथ करें। सेवा के क्षेत्र में कार्य करने वाले लोग अपने नागरिक कर्तव्य का निर्वहन प्राथमिकता पर करें। प्रत्येक व्यक्ति जिस भी क्षेत्र में है अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन ईमानदारीपूर्वक करे, तो वर्ष 2047 तक जब देश अपनी आजादी का शताब्दी वर्ष मना रहा होगा, उस समय हम एक ऐसा भारत देंगे जो विकसित भारत होगा।
      इससे पहले उन्होने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, नेताजी सुभाष चन्द्र बोस, सरदार वल्लभभाई पटेल, बाबा साहेब डॉ भीमराव अंबेडकर, डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी सहित स्वाधीनता आंदोलन में अलग-अलग क्षेत्र से नेतृत्व कर इस लड़ाई को नई ऊंचाई तक पहुंचाने वाले सभी ज्ञात-अज्ञात स्वतंत्रता सेनानियों व क्रांतिकारियों की स्मृतियों को नमन करते हुए विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *