कांग्रेस ने बदली है मोदी की मनोदशा : राहुल

कांग्रेस ने बदली है मोदी की मनोदशा : राहुल

वाशिंगटन डीसी, 10 सितम्बर : कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर हमला करते हुए कहा है कि वह जिस आक्रामकता के साथ पहले कांग्रेस को घेरते थे उनकी इस सोच पर कांग्रेस ने लगाम कसी है और इसी के कारण श्री मोदी अब संसद के भीतर तथा बाहर खुद ही फंस जाते हैं।
     श्री गांधी ने वॉशिंगटन डीसी में जॉर्जटाउन विश्वविद्यालय के छात्रों से बातचीत करते हुए कहा कि भारत में कांग्रेस अत्यंत क्षमतावान है और उसमें खुद को बदलने की ताकत है जो अन्य राजनीतिक दलों की तुलना में उन्हें ज्यादा लगती है।
  उन्होंने कहा “यदि आप कांग्रेस पार्टी को देखें और इसकी तुलना अन्य राजनीतिक दलों से करें तो इसमें खुद को नया रूप देने की क्षमता है। इसमें एक तत्व है जो राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के समय से मौजूद है और एक राजनीतिक संगठन के रूप में इसमें कई गुण बहुत शक्तिशाली हैं।”
   कांग्रेस नेता ने कहा कि 2024 के चुनाव के दौरान भी उन्हें प्रताड़ित किया गया था। उन्होंने कहा “चुनाव के दौरान एक समय ऐसा आया जब मैं पार्टी की कोषाध्यक्ष से बातचीत करते हुए कह रहा था ‘देखो, आपके बैंक खाते फ्रीज कर दिए गए हैं। यदि आपके बैंक खाते फ्रीज कर दिए गए हैं तो आप चुनाव कैसे लड़ेंगे। तब हमारे पास सच में कोई जवाब नहीं था। फिर भी कांग्रेस पार्टी ने चुनाव लड़ा और मूलतः मोदी के विचार को नष्ट कर दिया। आप उसकी झलक श्री मोदी के चेहरे पर भी देख सकते हैं।”
   लोकसभा में विपक्ष के नेता ने कहा “कांग्रेस ने इस चुनाव में  मूलतः मोदी के विचार को नष्ट किया है। श्री मोदी अब संसद में भी मनोवैज्ञानिक रूप से फंस जाते हैं। संसद से बाहर खुद को भगवान कहने लगते हैं। श्री मोदी को इस स्थिति में कांग्रेस की वजह से ही खड़ा होना पड़ा है।”
  उन्होंने कहा “प्रधानमंत्री को अब संसद में देखते हैं, तो वह मनोवैज्ञानिक रूप से फंसे होते हैं। वे समझौता नहीं कर सकते और अब समझ नहीं पा रहे हैं कि यह कैसे हो गया। मेरे लिए, और कांग्रेस पार्टी के लिए यह स्थिति देखना आश्चर्यजनक है। यह सिर्फ एक राजनीतिक दल नहीं बल्कि राजनीतिक विचारों का एक पूरा समूह है। पीछे मुड़कर देखें, तो इसके जीवित रहने का एक कारण पार्टी की बुनियादी संरचना है। मैं कभी कभी कांग्रेस के विचार, उसके दर्शन, उसकी मूल्य प्रणाली और संगठन के बीच अंतर करता हूं। वे 100 फीसदी ओवरलैप नहीं होते लेकिन जब करीब आते हैं तो वे बहुत शक्तिशाली हो जाते हैं।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *