
लखनऊ 12 सितम्बर। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने गुरुवार को कहा कि समाजवादी पार्टी (सपा) की पहचान अपराधी तत्वों को संरक्षण देने के तौर पर रही है और वास्तव में सपा के डीएनए में ही गुंडई और अराजकता है।
श्री पाठक ने यहां पत्रकारों से कहा कि सुल्तानपुर में सर्राफा कारोबारियों के यहां लूट के आरोपियों की तरफदारी कर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने दर्शा दिया है कि उनकी पार्टी डकैतों को संरक्षण देने का काम रही है। सपा ने हमेशा ही अपराधियों को संरक्षण दिया है। सपा पीड़ितों के साथ खड़े होने के बजाय अपराधियों के साथ है।
उन्हाने कहा कि सपा अपराधियों को बचाने का काम करती है। सपा जाति का भ्रमजाल फैला कर अपराधी तत्वों को संरक्षित करने का काम कर रही है। सुल्तानपुर की घटना में वांछित बदमाशों के कब्जे से ढाई किलो सोना बरामद हुआ है।
श्री पाठक ने कहा कि प्रदेश में 2017 के बाद से भाजपा की सरकार में क़ानून व्यवस्था सही हुई है। कारोबारी आज सुरक्षित महसूस कर रहा है। आज हर वर्ग प्रदेश की नीति को आगे बढ़ाने में लगा है।
उन्होने कहा कि सपा की सरकार में गंज के एक पुलिस अधिकारी को लखनऊ की सड़क पर घुमाया गया था। लोहियावाहिनी के गुंडों ने जीप को कप्तान के आवास पर खड़ा कर दिया था। आज तक उस घटना में कितने लोगो को सजा हुई सपा को बताना चाहिए।
मथुरा के जवाहरबाग कांड को कोई नहीं भूला है। सपा के संरक्षण में कई दिन तक वहाँ गोलियां चली थीं। मुज़फ़्फ़रनगर कांड में सपा ने किसी की गिरफ़्तारी नहीं की थी। सपा के लोग प्रदेश पर रोड रोलर चलाने का काम करते है। बहू बेटियाें पर सबसे ज़्यादा अत्याचार सपा सरकार में हुआ हैं।
श्री पाठक ने सवालिया अंदाज में कहा कि असलहे के बल पर लूट पर अखिलेश यादव क्या श्वेत पत्र जारी करेगे। कन्नौज में सपा नेता की शर्मनाक करतूत को पूरा प्रदेश अच्छी तरह जान गया है।
लखनऊ के चिनहट में गणेश प्रतिमा पर हुये पथराव पर उन्होने कहा “ हम किसी हालत में ऐसा नहीं होने देगें जो ऐसा करेगा उसको सजा होगी।