
राजगीर, 19 नवंबर । एशियन महिला हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी के मंगलवार को खेले गये सेमीफाइनल मुकाबलों में भारत ने जापान को 2-0 से और चीन ने मलेशिया को 3-1 से हराया। फाइनल मुकाबला भारत और चीन के बीच बुधवार को खेला जायेगा।
बिहार के राजगीर हॉकी स्टेडियम में एशियन महिला हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी के दूसरे सेमीफाइनल में भारत और जापान के बीच काफी कड़ा मुकाबला हुआ। भारत ने जापान पर 2-0 की जीत दर्ज कर फाइनल में प्रवेश किया। पहले क्वार्टर में दोनों टीमें एक-दूसरे को परखती नजर आई। दूसरे क्वार्टर में दोनों टीमों ने आक्रामक खेल का मुजाहिरा किया। हालांकि, भारत ने अधिकतर समय तक गेंद को अपने कब्जे में रखते हुए जापान पर दबाव बनाए रखा लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद मेहमान टीम ने अपना गोल पोस्ट सुरक्षित रखा।
तीसरे क्वार्टर में भी दानों टीमें स्कोर इस गतिरोध तोड़ने में कामयाब नहीं हो सकी। आखिरी क्वार्टर में भारत की नवनीत कौर ने (48वें) मिनट गोल करके गतिरोध को तोड़ा और भारत को बढ़त दिलाई। इसके बाद भारतीय टीम ने लगातार जापान पर हमले किए और इसका सकारात्मक परिणाम उन्हें 56वें मिनट में मिला। भारतीय खिलाड़ी लालरेमसियामी (56′) ने गोल करके भारत का स्कोर 2-0 कर दिया।
दिन में पहले सेमीफाइनल में चीन ने मलेशिया को 3-1 से हराकर फाइनल में जगह बनाई थी। चीन के लिए पहला गोल पहले क्वार्टर के दसवें मिनट में देंग किउचैंन ने करके अपनी टीम को बढ़त दिला दी। दूसरे क्वार्टर में भी चीन ने अपना दबदबा कायम रखते हुए एक के बाद एक दो गोल किए और मलेशिया पर 3-0 की बड़ी बढ़त बना ली। दूसरा गोल चीन की फैन युंक्सिया ने 17वें मिनट में किया जबकि 23वें मिनट में तन जिनजहांग ने तीसरा गोल किया।
तीसरे क्वार्टर में मलेशिया की खैरुन्निसा ने मलेशिया की ओर से पहला गोल करके इस बढ़त को कम किया। हालांकि,इसके बाद कोई टीम गोल नहीं कर सकी और चीन ने यह मुकाबना एक के मुकाबले तीन गोल से जीत लिया।
इससे पूर्व पांचवें और छठे स्थान के लिए आज कोरिया और थाईलैंड के बीच खेले गये मैच में कोरिया ने थाईलैंड को 3-0 से हराकर पांचवें स्थान पर जगह बनायी। जबकि थाईलैंड टूर्नामेंट में अंतिम स्थान पर रहा।