
मऊ 15 जुलाई। जिले के घोसी विधानसभा क्षेत्र से समाजवादी पार्टी (सपा) विधायक और पूर्व कैबिनेट मंत्री दारा सिंह चौहान ने शनिवार को विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया जिसके बाद उनके राजनीतिक भविष्य को लेकर अटकलों का बाजार गर्म हो गया है।
विधानसभा के प्रमुख सचिव प्रदीप दुबे ने इस्तीफे की पुष्टि करते हुये बताया कि श्री दारा सिंह चौहान, सदस्य विधान सभा 354 घोसी, मऊ ने 15 जुलाई को विधान सभा की सदस्यता से अपना त्याग-पत्र अध्यक्ष, विधान सभा की सेवा में प्रस्तुत किया है।
सपा विधायक के इस्तीफे के बाद मऊ में राजनीतिक चर्चाओं का दौर काफी तेज हो गया है। गौरतलब हो कि योगी सरकार के पहले कार्यकाल में दारा सिंह कैबिनेट में शामिल किये गये थे मगर पिछले साल विधानसभा चुनाव से पहले उन्होने भाजपा की सदस्यता से इस्तीफा देकर सपा में की सदस्यता ग्रहण कर ली थी। पिछले कुछ महीनों से दारा सिंह चौहान के सपा से इस्तीफा देकर पुनः भाजपा में शामिल होने की चर्चाएं चल रही थी।
गौरतलब है कि सपा, बसपा सहित लगभग सभी प्रमुख पार्टियों में अपनी राजनीतिक पारी खेल चुके दारा सिंह चौहान घोसी लोकसभा क्षेत्र से 2009 से 2014 तक बसपा सांसद भी रह चुके हैं। वर्ष 2017 विधानसभा चुनाव के समय भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर मधुबन विधानसभा क्षेत्र से विधायक चुने गए। जिनके बाद उन्हें योगी सरकार पार्ट वन में सूबे का कैबिनेट मंत्री बनाया गया था लेकिन विधानसभा चुनाव 2022 में दारा सिंह चौहान भाजपा छोड़कर सपा पार्टी के बैनर तले घोसी विधानसभा क्षेत्र से विधायक चुने गए।
राजनीतिक हलकों में मौसम वैज्ञानिक के नाम से चर्चित दारा सिंह चौहान के विषय में कहा जाता है कि वह प्रायः उसी पार्टी में जाते हैं जिसकी सरकार बननी होती है। हालांकि 2022 में उनका आकलन सटीक नहीं बैठा था जब वह भाजपा छोड़कर सपा में शामिल हुए थे। इधर कुछ महीनों से लगातार दारा सिंह चौहान के सपा छोड़कर पुनः भाजपा में आने की चर्चा चल रही थी। ऐसे में आज शनिवार को दारा सिंह चौहान ने लखनऊ में अपनी विधानसभा सदस्य पद से इस्तीफा दिया तो मऊ जनपद में राजनीतिक चर्चाओं का दौर काफी तेज हो गया। ऐसे में 2024 लोकसभा चुनाव या विधानसभा घोसी से पुनः उपचुनाव लड़ने के कयास लगाए जाने शुरू हो गए हैं।