खोदाई की ज्यादा बात होने से सांप्रदायिक सौहाद्र को खतरा: अखिलेश

खोदाई की ज्यादा बात होने से सांप्रदायिक सौहाद्र को खतरा: अखिलेश

लखनऊ 14 दिसंबर । समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि खोदाई की ज्यादा बातों से देश के सांप्रदायिक सौहाद्र को खतरा हो सकता है।
      श्री यादव ने शनिवार को कहा कि समाजवादी पार्टी सामाजिक न्याय और दलितों, पिछड़़ोे, अल्पसंख्यकों, किसानों को उनका हक और सम्मान दिलाने के लिए काम कर रही है जबकि भाजपा के लोग नफरत फैलाने की राजनीति करते है। जो लोग देश में जगह-जगह खोदाई की बात कर रहे है, ये सब एक दिन देश का सौहार्द खो देंगे। अगर हर जगह खुदाई होगी तो देश आगे नही बढ़ेगा। अगर विकसित भारत बनना है तो बहुत चीजों पर कार्य करना होगा। सबका सम्मान करना होगा।
    उन्होने कहा “ पीडीए जितना मजबूत और एकजुट होगा, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) उतनी ही ज्यादा साम्प्रदायिक राजनीति करेगी। हमने पीडीए को एकजुट करके 2024 के चुनाव में भाजपा को हराया है। हमारे कार्यकर्ताओं ने बूथ स्तर पर मेहनत की है। भाजपा से जमीन पर लड़ना होगा। 2027 के विधान सभा चुनाव में जनता 2024 से भी बेहतर परिणाम देगी।”
    श्री यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी की लड़ाई भाजपा की साम्प्रदायिक नफरत और भेदभाव की राजनीति से है। जो भाजपा को हराएगा हम उसके साथ है। भाजपा विकास की बात नही करती है। प्रधानमंत्री ने दस साल पहले गंगा सफाई का वादा किया था। लेकिन आज भी गंगा साफ नहीं हुई। नदियों के नाले आज भी गंगा में जा रहे है। कानपुर, कन्नौज समेत तमाम जगह नाले गंगा में जा रहे है। भाजपा अपने वादों पर चर्चा नहीं कर रही है। प्रधानमंत्री जिस एक्सप्रेस वे पर हरक्यूलिस जहाज से उतरे थे, वह एक्सप्रेस वे समाजवादी सरकार डिजाइन किया हुआ हैं। समाजवादी सरकार ने एक्सप्रेस वे बनाया, लखनऊ, कानपुर, आगरा, नोएडा की मेट्रो समाजवादी सरकार की देन है। समाजवादी सरकार ने लखनऊ में गोमती नदी पर रिवरफ्रन्ट बनाया। गोमती नदी साफ रहे इसके लिए नालों को रोका। नदियों की सफाई के लिए एक मॉडल बनाया लेकिन भाजपा सरकार ने उस काम को नहीं पूरा होने दिया। गोमती रिवर फ्रन्ट गुजरात के साबरमती रिवरफ्रन्ट से बेहतर बना है, इसीलिए भाजपा को दिक्कत है।
    उन्होने कहा कि भाजपा ने उपचुनाव में पुलिस और सत्ता का दुरुपयोग किया। संविधान में लोकतंत्र में सभी को वोट का अधिकार मिला है, भाजपा ने वोट डालने से रोका। पुलिस ने भाजपा के लिए वोट डाले, और पुलिस ने भाजपा को जिताया। पुलिस के एक अधिकारी ने महिलाओं को रिवाल्वर दिखाकर डराया, वोट डालने से रोका। समाजवादी पार्टी ने चुनाव आयोग में तीन सौ से ज्यादा शिकायत की।
    श्री यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी हमेशा से ईवीएम के खिलाफ है। हम ईवीएम से चुनाव जीतकर ईवीएम को हटाएंगे। दुनिया के तमाम विकसित देशों में ईवीएम से चुनाव नही होता हैं। जर्मनी समेत कई देशों में ईवीएम से वोटिंग असंवैधानिक है। ईवीएम से वोटिग से पता चल जाता है, कहां किसे वोट मिला, इससे दुश्मनियां बढ़ रही हैं। मतदान गुप्त होता है। सीक्रेट वोटिंग बैलेट से ही हो सकता है।
    उन्होने कहा कि हमने समाज को जातियों में नहीं बांटा। हम तो वंचित और शोषित जातियों को उनका हक दिलाने की लड़ाई लड़ रहे है। समाज को जातियों में ऋषि मनु ने बांटा है। मै जोड़ने की और सामाजिक न्याय दिलाने का काम कर रहा हूं। मेरे मुख्यमंत्री पद से हटने के बाद भाजपा ने मुख्यमंत्री आवास गंगाजल से क्यों धुलवाया था, मन्दिर से जाने के बाद मन्दिर क्यों धुलवाया था।
    श्री अखिलेश यादव ने कहा कि लोकसभा सदन चलना चाहिए। सरकार को चलाना चाहिए। सदन चलेगा तभी सभी मुद्दों और समस्याओं पर चर्चा होगी। हमारे लिए संभल पर चर्चा होना प्राथमिकता था। क्या कोई कल्पना कर सकता है कि सर्वे के बहाने माहौल इतना खराब कर दिया जायेगा। संभल में घटना प्रशासन के अधिकारियों ने कराया। वहां प्रशासन की नाकामी है। जब कभी संभल की घटना की जांच होगी, न्यायालय का फैसला आयेगा तो अधिकारी ही दोषी पाए जायेंगे। संभल में सब कुछ अधिकारियों का कराया हुआ है। जो जानें गयीं है उसके लिए अधिकारी ही जिम्मेदार हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Designed and Developed by Prakhar Dixit