मोदी ने मनमोहन सिंह के निधन पर शोक व्यक्त किया

मोदी ने मनमोहन सिंह के निधन पर शोक व्यक्त किया

नयी दिल्ली 26 दिसंबर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूर्व प्रधानमंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है।
  डॉक्टर सिंह का गुरुवार रात एम्स में निधन हो गया।
श्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपने संदेश में लिखा, “ भारत अपने सबसे प्रतिष्ठित नेताओं में से एक डॉ. मनमोहन सिंह जी के निधन पर शोक मना रहा है। साधारण परिवार से उठकर वह एक प्रतिष्ठित अर्थशास्त्री बने। उन्होंने वित्त मंत्री सहित विभिन्न सरकारी पदों पर कार्य किया और वर्षों तक हमारी आर्थिक नीति पर एक मजबूत छाप छोड़ी। संसद में उनका हस्तक्षेप भी व्यावहारिक था। हमारे प्रधानमंत्री के रूप में, उन्होंने लोगों के जीवन को बेहतर बनाने के लिए व्यापक प्रयास किए।”श्री मोदी ने डॉक्टर सिंह के साथ विभिन्न अवसरों पर हुई बातचीत का उल्लेख करते हुए कहा  कि बातचीत में उनकी बुद्धिमत्ता और विनम्रता सदैव झलकती  थी। उन्होंने कहा, “ जब डॉ. मनमोहन सिंह जी प्रधानमंत्री थे और मैं गुजरात का मुख्यमंत्री था, तब मेरे और उनके बीच नियमित बातचीत होती थी। हम शासन से संबंधित विभिन्न विषयों पर व्यापक विचार-विमर्श करते थे। उनकी बुद्धिमत्ता और विनम्रता सदैव झलकती रहती थी। दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं डॉ. मनमोहन सिंह जी के परिवार, उनके दोस्तों और अनगिनत प्रशंसकों के साथ हैं। ॐ शांति!

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *