योगी ने दिया जीत का मंत्र: संपर्क व संवाद से तय होगा बेहतर प्रदर्शन का लक्ष्य

योगी ने दिया जीत का मंत्र: संपर्क व संवाद से तय होगा बेहतर प्रदर्शन का लक्ष्य

अयोध्या 04 जनवरी:  ‘मिशन मिल्कीपुर‘ की कमान संभाले मुख्यमंत्री  योगी आदित्यनाथ शनिवार को अयोध्या में भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं संग बैठक कर उन्हें जीत का मंत्र दिया।
    यहां आचार्य नरेंद्र देव कृषि विश्वविद्यालय के सभागार में आयोजित बैठक में मुख्यमंत्री  योगी आदित्यनाथ ने कार्यकर्ताओं को जीत का मंत्र दिया और कहा कि बूथ पर भाजपा को अधिक से अधिक वोट मिले,  इसे लेकर कार्यकर्ताओं में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा होनी चाहिए। कार्यकर्ता अपना बूथ,  ग्राम सभा व मंडल सर्वाधिक मतों से जिताने को लेकर आपस में प्रतिस्पर्धा करें। जीत के लिए संपर्क व संवाद ही सबसे बेहतर रास्ता है। इसके जरिए सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने का लक्ष्य रखें।
    मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी विकास की प्रतीक है। हमने अयोध्या को विकास का प्रतीक बनाया है। हम विकास और सनातन के प्रतीक राम को मानते हैं, जबकि सपा विध्वंस के प्रतीक बाबर को मानती है। समाजवादी पार्टी ने अयोध्या के विकास को रोका, राम भक्तों पर गोलियां चलवाईं और प्रदेश को दंगे की आग में भी झोंका। समाजवादी पार्टी आज भी आतंकियों, दुराचारियों, अपराधियों के साथ खड़ी रहती है, जबकि भाजपा निरंतर देश-प्रदेश को विकास की ओर ले जा रही है। बिना भेदभाव सिर्फ पात्रता के आधार पर आवास, शौचालय, निशुल्क गैस कनेक्शन दिया जा रहा है। प्रदेश को अराजकता तथा माफिया राज से मुक्त कराया गया है।
     मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं से कहा कि डबल इंजन सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को लेकर जनता के बीच में जाएं और विकास के बलबूते वोट की अपील करें।मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं की हौसला अफजाई भी की। उन्होंने कहा कि जब रामलला की प्राण प्रतिष्ठा हुई तो दुनिया ने अयोध्यावासियों को सिर आंखों पर बिठाया।
     उन्होंने कहा कि कुंदरकी में 65 प्रतिशत मुस्लिम आबादी के बाद भी विकास के नाम पर भारतीय जनता पार्टी ने रिकार्ड मतों से उपचुनाव में जीत हासिल की। कार्यकर्ताओं की बदौलत ही उत्तर प्रदेश विधानसभा उपचुनाव में 9 में से 7 सीट जीतने में हमनें सफलता हासिल की। कार्यकर्ता पूरी ऊर्जा के साथ मिल्कीपुर उपचुनाव को रिकार्ड मतों से जीतने का लक्ष्य लेकर कार्य करें।  संचालन विधान परिषद सदस्य इंजी. अवनीश सिंह पटेल ने किया।
      बैठक में प्रभारी मंत्री सूर्य प्रताप शाही, कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह,  मंत्री जेपीएस राठौर,  गिरीश चंद्र यादव, दयाशंकर मिश्र ‘दयालु‘, मयंकेश्वर शरण सिंह, सतीश शर्मा, महापौर गिरीश पति त्रिपाठी, पूर्व सांसद लल्लू सिंह, विधायक रामचंद्र यादव, वेद प्रकाश गुप्ता, अमित सिंह चौहान, जिला पंचायत अध्यक्ष रोली सिंह, भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष व विधान परिषद सदस्य डॉ. धर्मेंद्र सिंह, जिलाध्यक्ष संजीव सिंह, महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव समेत मिल्कीपुर विधानसभा के सभी मंडल अध्यक्ष, प्रभारी, शक्ति केंद्र संयोजक, जिला पदाधिकारी, मोर्चा-प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष, जिला पंचायत सदस्य व ग्राम प्रधान आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *