उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी के बीच आंधी-बारिश के आसार, कई जिलों में लू का अलर्ट

उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी के बीच आंधी-बारिश के आसार, कई जिलों में लू का अलर्ट

लखनऊ, 27 मई । उत्तर प्रदेश में जारी नौतपा के बीच कई जिलों में अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है। बांदा आज भी देश का सबसे गर्म स्थान रहा जहां अधिकतम तापमान 47.8 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में आंधी, बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताई है। साथ ही कई इलाकों में लू चलने की चेतावनी भी जारी की गई है।मौसम विभाग के अनुसार राजधानी लखनऊ का अधिकतम तापमान 40.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.1 डिग्री अधिक रहा, जबकि न्यूनतम तापमान 28.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 2.5 डिग्री अधिक है। शहर में अधिकतम आर्द्रता 68 प्रतिशत और न्यूनतम 38 प्रतिशत रही।

मौसम विभाग ने लखनऊ और आसपास के क्षेत्रों में गुरुवार को आसमान मुख्यतः साफ रहने तथा शाम या रात में आंशिक बादल छाने के साथ एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई है। अधिकतम तापमान 38 डिग्री तथा न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। इसके साथ ही 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने तथा झोंकों की गति 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंचने की चेतावनी जारी की गई है।राज्य स्तरीय पूर्वानुमान के अनुसार प्रदेश के कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कहीं-कहीं धूल भरी आंधी और 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाओं के साथ आंधी आने की संभावना है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में ओलावृष्टि की भी आशंका जताई गई है।

प्रदेश में सबसे अधिक तापमान बांदा में 47.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। प्रयागराज में 46.4 डिग्री, झांसी में 46.0 डिग्री, उरई में 45.6 डिग्री तथा कानपुर (आईएएफ) में 45.2 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। आगरा में अधिकतम तापमान 45.1 डिग्री, अलीगढ़ में 44.6 डिग्री, कानपुर नगर में 44.3 डिग्री और फतेहगढ़ में 44.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।पूर्वांचल के जिलों में अपेक्षाकृत तापमान कम रहा। गोरखपुर में अधिकतम तापमान 36.6 डिग्री, बस्ती में 37.0 डिग्री और बलिया में 38.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वाराणसी बीएचयू में तापमान 41.7 डिग्री तथा वाराणसी एयरपोर्ट पर 41.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय तेज धूप से बचने, पर्याप्त मात्रा में पानी पीने और आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी है। विभाग ने बिजली चमकने और आंधी के दौरान खुले स्थानों तथा पेड़ों के नीचे खड़े न होने की भी अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *