समाज के सभी वर्गों तक पहुँचे प्रौद्योगिकी का लाभ: हरिवंश

समाज के सभी वर्गों तक पहुँचे प्रौद्योगिकी का लाभ: हरिवंश

अलीगढ़, 17 जून। राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश ने बुधवार को कहा कि प्रौद्योगिकी सामाजिक परिवर्तन का एक शक्तिशाली माध्यम है इसलिए इसका लाभ समाज के सभी वर्गों तक पहुंचना आवश्यक है।श्री हरिवंश ने आज अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (एएमयू) में “सामाजिक परिवर्तन में प्रौद्योगिकी की भूमिका : भारतीय परिप्रेक्ष्य” पर आयोजित ‘सर सैयद अहमद स्मारक व्याख्यान’ को संबोधित करते हुए कहा कि प्रौद्योगिकी सामाजिक परिवर्तन का एक शक्तिशाली माध्यम है इसलिए इसके लाभ समाज के सभी वर्गों तक पहुंचना आवश्यक है। उन्होंने सर सैयद अहमद खान की सुधारवादी सोच का उल्लेख करते हुए कहा कि आधुनिक ज्ञान, वैज्ञानिक दृष्टिकोण और शिक्षा को अपनाना आज भी राष्ट्रीय प्रगति के लिए उतना ही महत्वपूर्ण है जितना उनके समय में था। उन्होंने विभिन्न देशों और कालखंडों के उदाहरण देते हुए बताया कि किस प्रकार प्रौद्योगिकी ने वैश्विक स्तर पर समाजों के विकास और परिवर्तन में महत्वपूर्ण भूमिका निभायी है।

उपसभापति ने कहा कि भारत में वर्ष 2014 के बाद नयी तकनीकों के व्यापक उपयोग ने सामाजिक समावेशन को गति दी है। इसके माध्यम से शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच का विस्तार हुआ है, लोकतांत्रिक भागीदारी मजबूत हुई है तथा आर्थिक सशक्तिकरण के नये अवसर उत्पन्न हुए हैं। उन्होंने कहा कि डिजिटल तकनीकों ने आम लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।उन्होंने कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), डिजिटल प्लेटफॉर्म और अन्य उभरती प्रौद्योगिकियों के उपयोग को बढ़ावा देने के लिए केंद्र सरकार द्वारा चलाए जा रहे विभिन्न कार्यक्रमों और पहलों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इन प्रयासों ने पारदर्शिता, जवाबदेही, समानता और जनकल्याण को मजबूत किया है तथा तकनीक को अधिक लोकतांत्रिक और जनसुलभ बनाने में मदद की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *