विकसित भारत-2047 के संकल्प को जनभागीदारी से मिलेगी गति : केशव मौर्य

विकसित भारत-2047 के संकल्प को जनभागीदारी से मिलेगी गति : केशव मौर्य

कानपुर, 17 जून। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने बुधवार को कहा कि विकसित भारत-2047 का लक्ष्य केवल सरकार का नहीं, बल्कि देश के प्रत्येक नागरिक का संकल्प है। उन्होंने कहा कि जनभागीदारी से ही इस लक्ष्य को गति मिलेगी और ऐसे आयोजन जनता को विकास यात्रा से जोड़ने का प्रभावी माध्यम हैं।श्री मौर्य ने यहां केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में बृजेन्द्र स्वरूप पार्क में आयोजित ‘12 वर्ष विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के’ विषयक विकास प्रदर्शनी का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन कर सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, आधारभूत संरचना परियोजनाओं और विकास उपलब्धियों की जानकारी प्राप्त की।

प्रदर्शनी के दौरान श्री मौर्य ने महिला एवं बाल विकास विभाग के स्टॉल पर आयोजित विभिन्न संस्कार कार्यक्रमों में भाग लिया। उन्होंने त्रिशा एवं आरव का विद्यारंभ संस्कार कराया, जबकि दर्श एवं आरोही का अन्नप्राशन संस्कार संपन्न कराया। साथ ही करिश्मा, लक्ष्मी और पूजा सिंह की गोदभराई कर उन्हें शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि स्वस्थ एवं सशक्त मातृशक्ति ही विकसित समाज की आधारशिला है।उपमुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्षों तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार के नौ वर्षों के दौरान सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण, आधारभूत संरचना, महिला सशक्तिकरण और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को धरातल पर उतारा गया है। विकास प्रदर्शनी इन उपलब्धियों को आमजन तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम है।

उन्होंने नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में प्रदर्शनी का अवलोकन करने तथा विभिन्न विभागों की योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर उनका लाभ उठाने की अपील की।प्रदर्शनी में नगर निगम, डूडा, ट्रूफ कंफर्ट्स लिमिटेड (टीसीएल), नेयवेली उत्तर प्रदेश पावर लिमिटेड (एनयूपीपीएल), पनकी तापीय विस्तार परियोजना, भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन, उद्योग एवं उद्यमिता विकास केंद्र, खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड, बेसिक शिक्षा विभाग, बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग, एलिम्को, महिला कल्याण विभाग, समाज कल्याण विभाग, स्वास्थ्य विभाग, पराग डेयरी तथा मिशन शक्ति समेत विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए हैं।

इसके अलावा जिले की सभी दस विधानसभा क्षेत्रों में पिछले नौ वर्षों के दौरान हुए विकास कार्यों और उपलब्धियों को भी प्रदर्शित किया गया है। प्रदर्शनी परिसर में स्थापित फूड कोर्ट भी आगंतुकों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बना हुआ है।पत्रकारों से बातचीत में उपमुख्यमंत्री ने कहा कि देश और प्रदेश में हुए विकास कार्यों तथा जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी जनता तक पहुंचाना इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह प्रदर्शनी लोगों को सरकार की नीतियों और उपलब्धियों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। यह विकास प्रदर्शनी 20 जून तक आमजन के लिए खुली रहेगी।

इस अवसर पर सांसद रमेश अवस्थी, विधायक नीलिमा कटियार, महेश त्रिवेदी, सुरेंद्र मैथानी, सरोज कुरील, जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह, मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जैन, भाजपा के विभिन्न जिलाध्यक्षों सहित अनेक जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *