राजनाथ सिंह ने एक हज़ार सैनिकों के साथ किया योगाभ्यास

राजनाथ सिंह ने एक हज़ार सैनिकों के साथ किया योगाभ्यास

नयी दिल्ली, 21 जून। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर रविवार को मेघालय के शिलांग स्थित पूर्वी वायु कमान मुख्यालय में भारतीय वायु सेना और भारतीय सेना के लगभग एक हजार सैनिकों के साथ योगाभ्यास किया।इस अवसर पर मेघालय के मुख्यमंत्री कॉनराड के. संगमा, वायु सेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल ए.पी. सिंह, एयर ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ, पूर्वी वायु कमान एयर मार्शल इंदरपाल सिंह वालिया तथा मुख्यालय 101 क्षेत्र के जनरल ऑफिसर कमांडिंग लेफ्टिनेंट जनरल मोहित वाधवा ने भी योग किया। श्री सिंह ने योग को एक समग्र विज्ञान और जीवन जीने की कला बताया, जो व्यक्ति को अपने आंतरिक स्वरूप, समाज, प्रकृति और अंततः ईश्वर से जोड़ता है। उन्होंने कहा कि योग आंतरिक स्थिरता, मानसिक स्पष्टता और भावनात्मक दृढ़ता का मार्ग प्रदान करता है।

रक्षा मंत्री ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में योग को वैश्विक जनआंदोलन बनाने का श्रेय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के निरंतर प्रयासों और दूरदर्शी नेतृत्व को दिया, जिससे विश्वभर के लोगों को स्वास्थ्य लाभ मिल रहा है। उन्होंने जोर देकर कहा कि योग भारत की प्राचीन परंपराओं की शक्ति का प्रतीक है, जो संपूर्ण मानवता के कल्याण को सुनिश्चित कर रहाहै। उन्होंने लोगों से स्वस्थ शरीर, शांत मन और सशक्त राष्ट्र के निर्माण हेतु योग को अपने दैनिक जीवन का अभिन्न अंग बनाने की अपील की।रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने आयुष मंत्रालय द्वारा आयोजित कार्यक्रम में रांची विश्वविद्यालय के स्वर्ण जयंती दीक्षांत मंडप में योग दिवस मनाया। उन्होंने भी दैनिक जीवन में योग को शामिल करने की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि यह अनुकूल अथवा प्रतिकूल परिस्थितियों में शांत रहने की शिक्षा देता है। उन्होंने इसे सकारात्मकता को बढ़ावा देने का सबसे सशक्त माध्यम बताया।

प्रमुख रक्षा अध्यक्ष जनरल एन.एस. राजा सुब्रमणि ने यहां राष्ट्रीय समर स्मारक में मुख्यालय, एकीकृत रक्षा स्टाफ द्वारा आयोजित योग दिवस समारोह का नेतृत्व किया। चीफ ऑफ इंटीग्रेटेड डिफेंस स्टाफ एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारियों एवं उनके परिवारों ने कार्यक्रम में भाग लिया।रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह, सचिव (रक्षा वित्त) विश्वजीत सहाय तथा रक्षा लेखा महानियंत्रक अनुग्रह नारायण दास ने रक्षा मंत्रालय और रक्षा लेखा विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ रक्षा लेखा महानियंत्रक कार्यालय में योग किया। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 की थीम ‘स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग’ का उत्सव मनाते हुए देशभर में रक्षा लेखा विभाग के 10,000 से अधिक अधिकारियों ने योग और समग्र कल्याण को बढ़ावा देने के लिए इस वर्चुअल जनआंदोलन में भाग लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Designed and Developed by Prakhar Dixit