
सहारनपुर, 1 जुलाई। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को कहा कि अयोध्या स्थित श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में दान, चंदे और चढ़ावे में किसी भी प्रकार की अनियमितता या लूट में शामिल दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि कानून अपना काम करेगा और दोषियों को कड़ी सजा मिलेगी।मुख्यमंत्री यहां स्कूल चलो अभियान के द्वितीय चरण के शुभारंभ और जनसभा को संबोधित कर रहे थे। लगभग 30 मिनट के अपने संबोधन में उन्होंने विपक्ष, विशेषकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि जो लोग कभी श्रीराम और श्रीकृष्ण के अस्तित्व पर सवाल उठाते थे, आज वही आस्था की दुहाई दे रहे हैं।
उन्होंने कहा कि कारसेवकों पर गोली चलाने वाले और न्यायालय में श्रीराम एवं श्रीकृष्ण के अस्तित्व को नकारने वाले आज धार्मिक आस्था की बातें कर रहे हैं। उन्होंने सवाल किया कि जब कांवड़ यात्रा पर रोक लगाई जाती थी और धार्मिक आयोजनों में बाधाएं उत्पन्न की जाती थीं, तब उनकी आस्था कहां थी।मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने अयोध्या, काशी और अन्य प्रमुख धार्मिक स्थलों का व्यापक विकास कराया है। उन्होंने सहारनपुर स्थित मां शाकंभरी देवी शक्तिपीठ में भी श्रद्धालुओं की सुविधाओं के विस्तार के लिए विभिन्न विकास कार्य कराए जाने की जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार ने दलित, पिछड़े और महापुरुषों के सम्मान में मेडिकल कॉलेजों, हवाई अड्डों, सड़कों, पार्कों और अन्य संस्थानों का नामकरण किया है, जबकि पूर्ववर्ती सरकारों ने इस दिशा में अपेक्षित कार्य नहीं किए। उन्होंने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी की सरकार में विकास केवल सैफई तक सीमित रहा, जबकि वर्तमान सरकार प्रदेश के सभी 75 जिलों में समान रूप से विकास कार्य करा रही है।योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सहारनपुर प्रदेश के अंतिम छोर पर स्थित होने के कारण लंबे समय तक उपेक्षा का शिकार रहा, लेकिन उनकी सरकार इस स्थिति को बदलने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि विकास कार्यों और समीक्षा बैठकों के सिलसिले में उनका यह सहारनपुर का 28वां दौरा है।
उन्होंने कहा कि सहारनपुर का वुड कार्विंग उद्योग लगभग 600 करोड़ रुपये का निर्यात कर प्रदेश और देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती दे रहा है। साथ ही पश्चिमी उत्तर प्रदेश की पहचान दंगों और कर्फ्यू से बदलकर विकास, बेहतर सड़क, रेल और हवाई संपर्क से जोड़ी गई है।जनसभा से पहले मुख्यमंत्री ने इस्माइलपुर स्थित प्राथमिक विद्यालय में स्कूल चलो अभियान के अंतर्गत बच्चों को स्कूल बैग वितरित किए। उन्होंने कहा कि यही बच्चे भविष्य में प्रदेश और देश के विकास की नई उड़ान भरेंगे। कार्यक्रम में बेसिक शिक्षा राज्य मंत्री संदीप सिंह भी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री के आगमन पर जिलाधिकारी अरविंद चौहान ने उन्हें ‘एक जनपद-एक उत्पाद’ योजना के तहत सहारनपुर की प्रसिद्ध काष्ठकला से निर्मित मां सरस्वती की प्रतिमा भेंट की। बारिश और प्रतिकूल मौसम के बावजूद बड़ी संख्या में लोग जनसभा में मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने वर्षा का स्वागत करते हुए कहा कि मानसून लगभग 15 दिन की देरी से पहुंचा है। कार्यक्रम में भाजपा के जनप्रतिनिधि और पार्टी पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।