उप्र में एक दिन में रोपे गये 35 करोड़ 27 लाख से अधिक पौधे

उप्र में एक दिन में रोपे गये 35 करोड़ 27 लाख से अधिक पौधे

लखनऊ, 12 जुलाई (वार्ता) मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश ने रविवार को ‘एक पेड़ मां के नाम’ थीम के तहत आयोजित वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 में एक नया कीर्तिमान स्थापित करते हुए एक ही दिन में 35,27,89,926 पौधे रोपित किए। यह संख्या सरकार द्वारा निर्धारित 35 करोड़ पौधरोपण के लक्ष्य से 27,89,926 अधिक है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर से अभियान का शुभारंभ किया। उन्होंने गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे पर त्रिवेणी के तहत नीम, पीपल और बरगद के पौधे रोपे तथा आरकेबीके के निकट ताल रिंग रोड पर मौलश्री का पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद और वन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. अरुण कुमार सक्सेना भी उपस्थित रहे।

राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने जनभवन में सफेद चंदन का पौधा रोपित किया। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने झांसी और उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने लखनऊ में पौधरोपण किया। वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने शाहजहांपुर, जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने जालौन, कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने देवरिया, कैबिनेट मंत्री भूपेंद्र सिंह चौधरी ने मुरादाबाद तथा वन राज्यमंत्री केपी मलिक ने बागपत में पौधे लगाए। प्रदेश सरकार के अन्य मंत्रियों ने भी अपने-अपने जिलों में पौधरोपण कर अभियान में सहभागिता की।

राजधानी लखनऊ से लेकर प्रदेश के गांव-गांव तक वन विभाग के नेतृत्व में सभी विभागों, संस्थानों और आम नागरिकों की भागीदारी से व्यापक स्तर पर पौधरोपण किया गया। प्रदेश के सभी 75 जिलों और 18 मंडलों में वन, रक्षा, रेलवे, ग्राम पंचायत एवं सामुदायिक भूमि, एक्सप्रेसवे, सड़कों, नहरों, रेल पटरी के किनारे, विकास प्राधिकरणों, औद्योगिक परिसरों, चिकित्सा एवं शिक्षण संस्थानों, अन्य राजकीय भूमि तथा निजी परिसरों में बड़े पैमाने पर पौधे लगाए गए।

अभियान की पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए वन विभाग के एंड्रॉयड आधारित प्लांटेशन मॉनिटरिंग सिस्टम सॉफ्टवेयर के माध्यम से पौधरोपण की रीयल टाइम मॉनिटरिंग की गई। पौधों की जियो टैगिंग की व्यवस्था भी की गई, जबकि पौधरोपण की प्रगति रिपोर्ट वेबसाइट https://pmsupfd.org/plantingprogress.html पर लगातार अपडेट होती रही।

रीयल टाइम आंकड़ों के अनुसार सुबह आठ बजे तक 1,01,99,947, नौ बजे तक 4,57,13,395, दस बजे तक 8,75,92,099, 11 बजे तक 13,05,37,796, 12 बजे तक 16,59,88,118, दोपहर एक बजे तक 19,73,60,273, दो बजे तक 21,63,97,977, तीन बजे तक 25,29,98,772, शाम चार बजे तक 29,61,57,431 और पांच बजे तक 32,10,14,959 पौधे लगाए जा चुके थे। शाम छह बजकर 12 मिनट पर अंतिम आंकड़ा 35,27,89,926 पौधरोपण का दर्ज किया गया।

उल्लेखनीय है कि विश्व पर्यावरण दिवस पर पांच जून को भी ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के अंतर्गत प्रदेश में 5,01,46,441 पौधे लगाए गए थे। इसके साथ ही पांच जून और 12 जुलाई को हुए पौधरोपण को मिलाकर प्रदेश में कुल 40,29,36,367 पौधे रोपे जा चुके हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Designed and Developed by Prakhar Dixit