
रोम, 27 जुलाई । इटली की पुलिस ने पुर्तगाल, स्पेन और अन्य एजेंसियों के साथ संयुक्त अभियान में अटलांटिक महासागर से 2.6 टन से अधिक कोकीन बरामद की है। इस कार्रवाई में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। जब्त मादक पदार्थ की खुदरा बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 50 करोड़ यूरो बतायी है।इटली की पुलिस के अनुसार गिरफ्तार किये गये लोगों में दो स्पेनिश नागरिक, इटली में रहने वाला एक अल्बानियाई नागरिक और जिब्राल्टर का एक निवासी शामिल है। पुलिस ने बताया कि जब्त कोकीन का थोक मूल्य लगभग 7.8 करोड़ यूरो है, जबकि खुदरा स्तर पर इसकी बिक्री से लगभग 50 करोड़ यूरो की आय हो सकती थी।
अधिकारियों ने बताया कि संगठित अपराध गिरोह दक्षिण अमेरिका से आने वाले जहाजों द्वारा समुद्र में छोड़ी गयी अवैध खेप को हासिल करने के लिए तेज रफ्तार ‘गो फास्ट’ नौकाओं का इस्तेमाल तेजी से कर रहे हैं। ये 10 से 16 मीटर लंबी रबरयुक्त तेज गति वाली नौकाएं होती हैं, जिनमें कई शक्तिशाली इंजन लगे होते हैं और ये 70 नॉट से अधिक की रफ्तार से चल सकती हैं।पुर्तगाल की पुलिस ने बताया कि यह स्पीडबोट लिस्बन तट से दूर केप एस्पिशेल के दक्षिण-पश्चिम में लगभग 90 किलोमीटर की दूरी पर गुरुवार को रोकी गयी। यह कार्रवाई पुर्तगाल, स्पेन और इटली की कानून प्रवर्तन एजेंसियों के संयुक्त अभियान के तहत की गयी।