
प्रयागराज, 13 अगस्त। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर चल रहे ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत गुरुवार को संगम नगरी प्रयागराज में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने यात्रा में शामिल होकर देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया। पत्थर गिरजाघर स्थित धरना स्थल से शहीद वाल तक निकाली गई तिरंगा यात्रा में हजारों लोगों ने भाग लिया। यात्रा के दौरान पूरे मार्ग पर भारत माता की जय और वंदे मातरम् के नारों से वातावरण गूंज उठा। विभिन्न स्थानों पर लोगों ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया।तिरंगा यात्रा में रथ पर सवार उपमुख्यमंत्री के साथ शहर पश्चिमी विधायक एवं पूर्व मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह, विधायक पूजा पाल, विधायक हर्षवर्धन बाजपेयी, भाजपा महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता सहित पार्टी के अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। हाथों में तिरंगा लिए लोगों का उत्साह देखने लायक था और पूरा क्षेत्र राष्ट्रध्वज के रंग में रंगा नजर आया।
इस अवसर पर श्री मौर्य ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है तथा इसके सम्मान और गौरव की रक्षा के लिए पूरा देश एकजुट है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान जनआंदोलन का रूप ले चुका है और आज देश के प्रत्येक घर में तिरंगा फहराया जा रहा है।उन्होंने कहा कि एक समय ऐसा था जब देश के कुछ हिस्सों में तिरंगा फहराना चुनौती माना जाता था, लेकिन आज जम्मू-कश्मीर के लाल चौक से लेकर देश के कोने-कोने तक तिरंगा शान से लहरा रहा है। उन्होंने कहा कि मदरसों में भी तिरंगा फहराया जा रहा है और वंदे मातरम् का गायन हो रहा है, जो राष्ट्रीय एकता और अखंडता का प्रतीक है।
उपमुख्यमंत्री ने लोगों से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों, प्रतिष्ठानों और सार्वजनिक स्थलों पर तिरंगा फहराकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को याद करने और नई पीढ़ी में राष्ट्रभक्ति की भावना मजबूत करने का माध्यम है।