राजनाथ, योगी और नायडू ने काशी विश्वनाथ मंदिर में किया पूजन, मोदी के लिए मांगी दीर्घायु

राजनाथ, योगी और नायडू ने काशी विश्वनाथ मंदिर में किया पूजन, मोदी के लिए मांगी दीर्घायु

वाराणसी, 17 सितंबर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिवस के अवसर पर गुरुवार को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू और अन्य राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेताओं ने श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन कर प्रधानमंत्री के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।श्री सिंह ने कहा कि आज प्रधानमंत्री का जन्मदिवस है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू, केंद्रीय राज्य मंत्री पंकज चौधरी और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान समेत अन्य नेता काशी विश्वनाथ मंदिर में पूजन-अर्चन के लिए आए हैं। सभी ने विधिवत पूजा कर भगवान से प्रधानमंत्री को दीर्घायु एवं आजीवन स्वस्थ रखने की प्रार्थना की, ताकि विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त किया जा सके।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आज का दिन गौरव और सौभाग्य का है। सभी ने मिलकर बाबा विश्वनाथ की विशेष पूजा और अनुष्ठान किया तथा प्रधानमंत्री के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री लंबे समय तक देश का नेतृत्व करते रहें, जिससे 140 करोड़ देशवासियों के आत्मनिर्भर, सुरक्षित और विकसित भारत के संकल्प को साकार किया जा सके तथा भारत विश्व की नंबर एक अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में आगे बढ़े।श्री नायडू ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का जन्मदिवस काशी में बाबा विश्वनाथ का आशीर्वाद लेकर मनाया जा रहा है। काशी एक ऐतिहासिक शहर है और यहां की अनुभूति अलग है। प्रधानमंत्री की 25 वर्षों की सार्वजनिक जीवन की यात्रा लगातार भारत के लिए समर्पित रही है। उन्होंने प्रधानमंत्री को जन्मदिवस की शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर नेताओं ने काशी विश्वनाथ धाम में स्वच्छता प्रहरियों और मंदिर के पुजारियों का सम्मान किया तथा श्रद्धालुओं में प्रसाद का वितरण किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Designed and Developed by Prakhar Dixit