
नयी दिल्ली 29 सितम्बर। पश्चिम एशिया में चल रहे संकट के बीच फारस की खाड़ी में भारत के ध्वज वाले छह वाणिज्यक जहाज हैं जबकि विदेशी ध्वज वाले छह अन्य जहाजों पर भारत का कार्गो लदा है। इस क्षेत्र में मौजूद विभिन्न वाणिज्यक जहाजों पर 4650 से अधिक भारतीय नाविक सवार हैं।विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने मंगलवार को मीडिया ब्रीफिंग में इससे संबंधित सवाल के जवाब में यह जानकारी दी। उन्होंने कहा ,” अभी फारस की खाड़ी में भारतीय ध्वज वाले छह वाणिज्यिक जहाज हैं। साथ ही छह विदेशी ध्वज वाले जहाज भी हैं जिन पर भारत का कार्गो है। इन 12 जहाजों पर करीब 163 भारतीय नाविक सवार हैं।”
उन्होंने कहा कि इसके अलावा फारस की खाड़ी में विभिन्न वाणिज्यिक जहाजों पर 4,500 से अधिक भारतीय नाविक सवार हैं। भारतीय पोत परिवहन मंत्रालय इन जहाजों की गतिविधियों पर लगातार नजर रख रहा है और सभी भारतीय नाविकों की सुरक्षा और कुशलक्षेम पर ध्यान दे रहा है।प्रवक्ता ने कहा कि जरूरत पड़ने पर दूतावासों और अन्य संबंधित पक्षों के माध्यम से उनके लिए जरूरी कदम उठाये जाते हैं और उनकी सुरक्षा तथा कल्याण सुनिश्चित किया जाता है। उन्होंने कहा कि सरकार विदेशों में काम कर रहे भारतीय नाविक समुदाय की सुरक्षा और कुशलक्षेम के लिए प्रतिबद्ध है।