
नयी दिल्ली, 08 अक्टूबर । कांग्रेस ने राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली सहित देश के विभिन्न हिस्सों में पार्टी नेता राहुल गांधी तथा प्रियंका गांधी वाड्रा के साथ प्रदर्शन के दौरान हुए कथित पुलिस दुर्व्यवहार के विरोध में गुरुवार को देशभर में प्रदर्शन कर ‘काला दिवस’ मनाया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने काले कपड़े और काली पट्टियां पहनकर विरोध दर्ज कराया।कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, पार्टी नेता प्रियंका गांधी वाड्रा, दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव के साथ ही प्रदर्शन किया और राजघाट जाकर बापू की समाधि पर पुष्पांजलि अर्पित करते हुए कहा कि जो सरकार लोगों का वोट देने का अधिकार छीन रही है उसे देश को आजाद कराने वाले बापू सदबुद्धि दें।
दिल्ली के प्रदेश अध्यक्ष देवेंद्र यादव के नेतृत्व में भी हजारों कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने यहां प्रदर्शन कर धरना दिया। कार्यकर्ताओं ने काली पट्टियां बांधकर विरोध दर्ज कराया और ‘रघुपति राघव राजा राम’ का भजन गाते हुए केंद्र सरकार को सद्बुद्धि देने की प्रार्थना की। प्रदर्शन में दिल्ली कांग्रेस प्रभारी काजी निजामुद्दीन, सचिव प्रभारी दानिश अबरार, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष जे. पी. अग्रवाल और सुभाष चोपड़ा, महिला कांग्रेस अध्यक्ष अल्का लांबा, राजेंद्र पाल गौतम, कृष्णा तीरथ, उदित राज तथा कई अन्य वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए।हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ऊना में प्रदेश प्रभारी रजनी पाटिल और वरिष्ठ नेता मुकेश अग्निहोत्री के नेतृत्व में ‘काला दिवस’ मनाया और विरोध मार्च निकाला। प्रदेश कांग्रेस ने राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा के साथ दिल्ली में हुए व्यवहार के विरोध में काले कपड़े पहनकर प्रदर्शन किया। ओडिशा में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भक्त चरण दास के नेतृत्व में राज्यव्यापी प्रदर्शन किया गया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा के साथ दिल्ली पुलिस के व्यवहार के विरोध में प्रदर्शन करते हुए मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की तथा ‘ओडिशा बंद’ का आह्वान किया।
पश्चिम बंगाल कांग्रेस ने प्रदेश प्रभारी प्रकाश जोशी और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष शुभंकर सरकार के नेतृत्व में प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने श्री गांधी और श्रीमती वाड्रा के साथ हुए पुलिस व्यवहार के विरोध में प्रदर्शन किया और एसआईआर तथा ‘वोट चोरी’ के मुद्दे पर अपना विरोध दर्ज कराया।जम्मू-कश्मीर में जम्मू शहरी एवं ग्रामीण जिला कांग्रेस समितियों के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने श्री गांधी और श्रीमती वाड्रा को सात अक्टूबर को प्रदर्शन के दौरान हिरासत में लिए जाने का विरोध किया और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की।
बिहार में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष राजेश कुमार के नेतृत्व में पटना में ‘काला दिवस’ मनाया और राजभवन तक विरोध मार्च निकाला। कार्यकर्ताओं ने श्री गांधी और श्रीमती वाड्रा के साथ दिल्ली में हुए कथित दुर्व्यवहार के विरोध में प्रदर्शन करते हुए ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की।गुजरात में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अमित चावड़ा के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ‘काला दिवस’ मनाया और विरोध मार्च निकाला। प्रदेश कांग्रेस ने आरोप लगाया कि मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ‘वोट चोरी’ के जरिए जनादेश को प्रभावित कर रहे हैं। कार्यकर्ताओं ने श्री गांधी और श्रीमती वाड्रा के साथ दिल्ली में हुए व्यवहार के विरोध में प्रदर्शन करते हुए ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
उत्तराखंड के देहरादून में इंडिया गठबंधन के नेताओं ने ‘लोकतंत्र बचाओ–वोट बचाओ’ नारे लगाते हुए संयुक्त मार्च निकाला। साथ ही मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला दहन किया। गांधी पार्क से कांग्रेस और अन्य सहयोगी विपक्षी दलों और सिविल सोसाइटीज के नेता मार्च करते हुए घंटाघर स्थित अंबेडकर प्रतिमा पर पहुंचे जहां सभा की गई।मध्यप्रदेश कांग्रेस ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर भोपाल सहित प्रदेश के कई शहरों में प्रदर्शन किया। भोपाल में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने बोर्ड ऑफिस चौराहे से डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा तक मार्च निकाला और नारेबाजी की। इंदौर, इटारसी और सागर समेत अन्य स्थानों पर भी प्रदर्शन और पुतला दहन किया गया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने प्रदर्शन के दौरान कहा कि जब तक ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा नहीं होता कांगेस का प्रदर्शन जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश से एक लाख कांग्रेस कार्यकर्ता दिल्ली कूच करेंगे।
उत्तर प्रदेश कांग्रेस ने प्रयागराज, वाराणसी सहित प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में चुनाव आयोग के खिलाफ जुलूस निकाल कर विरोध प्रदर्शन किया। प्रयागराज में कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव व प्रभारी वरुण चौधरी के नेतृत्व में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने धरना स्थल से लेकर सुभाष चौक तक मशाल जुलूस निकाला।कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने वाराणसी में भी विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने वाराणसी में मैदागिन स्थित राजीव गांधी की प्रतिमा से लहुराबीर स्थित आजाद पार्क होते हुए क्वीन्स कॉलेज के मुख्य द्वार तक पदयात्रा निकाली। यहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मां गंगा के जल का छिड़काव कर प्रतीकात्मक शुद्धीकरण किया और अपना विरोध दर्ज कराया।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने क्वीन्स कॉलेज, वाराणसी से शिक्षा प्राप्त की है। जिस काशी और शिक्षण संस्थान ने उन्हें शिक्षा और संस्कार दिए, आज उन्हीं से जुड़े व्यक्ति की कार्यप्रणाली को लेकर काशी और कॉलेज की प्रतिष्ठा पर सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता का वोट उसकी सबसे बड़ी ताकत है और मताधिकार से किसी भी प्रकार का खिलवाड़ लोकतांत्रिक व्यवस्था पर सीधा आघात है।