
मथुरा 19 अक्टूबर । चंद्रशेखर आजाद द्वारा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बिजनौर से चुनाव लड़ने से जुड़े बयान पर अब विश्व हिंदू परिषद (विहिप) ने पलटवार किया है। विहिप के ब्रज प्रांत अध्यक्ष कन्हैया लाल अग्रवाल ने तीखा हमला बोलते हुए राजनीतिक विरोधियों को किसी अन्य जगह के बजाय सीधे मथुरा से चुनाव मैदान में उतरने की खुली चुनौती और निमंत्रण दिया है।मीडिया से बातचीत करते हुए कन्हैया लाल अग्रवाल ने कहा, “हम आपके माध्यम से उनसे (विरोधियों से) कहना चाहते हैं कि हम मथुरा में उनके स्वागत के लिए पूरी तरह तैयार हैं। वे आएं और मथुरा से ही चुनाव लड़कर दिखाएं।” उन्होंने असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद का जिक्र करते हुए कहा कि दोनों को मथुरा आकर चुनाव मैदान में अपनी किस्मत आज़मानी चाहिए।
विहिप नेता ने अपेक्षा जताई कि प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को इस बार मथुरा विधानसभा सीट से ही चुनाव लड़ना चाहिए। कन्हैया लाल ने कहा, “अगली मुख्य राजनीतिक लड़ाई मथुरा के नाम से ही लड़ी जानी है, यह जगज़ाहिर है। जब तक प्रदेश का मुखिया खुद मथुरा से मैदान में नहीं होगा, तब तक इस लड़ाई का असली आनंद नहीं आएगा।” उन्होंने आह्वान किया कि दोनों पक्ष आएं और मथुरा की पावन धरा पर ही राजनीतिक चुनौती का सामना करें।विपक्ष पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने आगे कहा कि लोकतंत्र में सपने देखने का अधिकार हर किसी को है। चाहे कोई दरी बिछाने की बात करे या नेतागिरी की, लेकिन आखिरकार जिसका जो मूल काम है, उसे वही करना पड़ेगा और भविष्य के गर्त में क्या छिपा है, यह समय तय करेगा।