
वाराणसी, 19 अक्टूबर। प्रस्तावित एयर शो के मद्देनजर काशी को आकर्षक रूप देने के लिए शहर में व्यापक सौंदर्यीकरण कार्य कराए जा रहे हैं। बाबतपुर एयरपोर्ट से नमो घाट तक प्रमुख मार्गों, भवनों, फ्लाईओवर, पुलों और दीवारों को सजाया जा रहा है। इसका उद्देश्य शहर आने वाले लोगों को काशी की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और धार्मिक परंपराओं से परिचित कराना है।वाराणसी विकास प्राधिकरण (वीडीए) के उपाध्यक्ष पूर्ण बोरा ने बताया कि एयरपोर्ट से नमो घाट तक पेंटिंग, म्यूरल आर्ट और आकर्षक रोशनी के माध्यम से काशी की सांस्कृतिक पहचान उभारी जा रही है। दीवारों पर गंगा की लहरों, घाटों और गंगा आरती के दृश्य उकेरे जा रहे हैं। भवनों पर सुबहे बनारस, गीत-संगीत, नृत्य और भगवान बुद्ध से जुड़े प्रसंगों को भी प्रदर्शित किया जाएगा।
नमो घाट मार्ग के डिवाइडर पर भगवान शिव के डमरू, त्रिशूल और ॐ के प्रतीक वाले झंडे लगाए जाने प्रस्तावित हैं। नमो घाट मार्ग पर मोटिफ लाइटें स्थापित की जा रही हैं, जबकि चौकाघाट पुल पर आकर्षक मोटिफ स्तंभ लगाए जा रहे हैं। नमो घाट से चौकाघाट तक सड़क किनारे स्थित भवनों पर फसाड पेंटिंग कराई जा रही है। दुकानों और भवनों को एकरूपता देने के लिए एक ही रंग में रंगने का काम भी चल रहा है।इसके अलावा पेड़ों पर फसाड लाइटिंग और बिजली के खंभों पर स्पाइरल व स्ट्रिप लाइटें लगाई जा रही हैं। बाबतपुर एयरपोर्ट से अतुलानंद तक मोटिफ लाइटिंग तथा बाबतपुर से नमो घाट ब्रिज तक पेड़ों और पुलों पर रोशनी की व्यवस्था की जा रही है। बाबतपुर फ्लाईओवर तक डिवाइडर पर पेंटिंग और नमो घाट तथा गया घाट पर सजावट का काम भी जारी है। इन कार्यों से एयरपोर्ट से नमो घाट तक का मार्ग रोशनी और रंगों से सजा नजर आएगा।