
वाराणसी, 19 अक्टूबर । उत्तर प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष अजय राय ने सोमवार को बीएचयू ट्रॉमा सेंटर पहुंचकर रामनगर की रामलीला के दौरान हाथी के हमले में घायल महावत छपलू का हालचाल जाना। उन्होंने मिर्जामुराद में हुए सड़क हादसे में घायल लोगों के परिजनों से भी मुलाकात की और ट्रॉमा सेंटर में उपचार करा रहे अन्य मरीजों एवं उनके परिजनों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं।इस दौरान अस्पताल की व्यवस्थाओं और मरीजों को हो रही परेशानियों पर चिंता व्यक्त करते हुए श्री राय ने कहा कि प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में ट्रॉमा सेंटर और बीएचयू जैसे प्रतिष्ठित चिकित्सा संस्थानों की स्थिति डबल इंजन सरकार के स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े दावों पर सवाल खड़े करती है।
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के बड़े-बड़े दावे करती है, लेकिन जमीनी स्तर पर मरीजों और उनके परिजनों को अनेक समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। गंभीर दुर्घटनाओं में घायल लोग बेहतर उपचार की उम्मीद लेकर ट्रॉमा सेंटर पहुंचते हैं। ऐसे में उन्हें आवश्यक सुविधाओं और समय पर उपचार के लिए परेशान होना पड़े, तो यह दुर्भाग्यपूर्ण है।कांग्रेस नेता ने कहा कि प्रधानमंत्री वाराणसी को विश्वस्तरीय सुविधाओं वाला शहर बनाने की बात करते हैं, लेकिन स्वास्थ्य सेवाओं की वास्तविक स्थिति इन दावों से मेल नहीं खाती। केंद्र और प्रदेश में भाजपा की सरकार होने के बावजूद यदि मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने में कठिनाइयां आ रही हैं, तो इसकी जिम्मेदारी तय होनी चाहिए।
श्री राय ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाएं किसी भी सरकार की प्रमुख जिम्मेदारियों में शामिल हैं। दुर्घटना में घायल व्यक्ति के लिए समय पर उपचार बेहद महत्वपूर्ण होता है। ऐसे में मरीजों और उनके परिजनों को अस्पताल में आवश्यक सुविधाओं, उपचार और व्यवस्थागत सहयोग के लिए भटकना पड़े, तो यह चिकित्सा व्यवस्था की गंभीर खामियों को दर्शाता है।उन्होंने बीएचयू ट्रॉमा सेंटर सहित प्रमुख सरकारी चिकित्सा संस्थानों की व्यवस्थाओं की तत्काल समीक्षा कराने, मरीजों को समय पर उपचार एवं आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की मांग की। उन्होंने कहा कि सरकार को प्रचार के बजाय आम नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने पर ध्यान देना चाहिए।
अंत में श्री राय ने घायल महावत छपलू, मिर्जामुराद सड़क हादसे में घायल लोगों और ट्रॉमा सेंटर में उपचार करा रहे अन्य मरीजों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी आम जनता को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने और मरीजों के अधिकारों के लिए आवाज उठाती रहेगी।