
गोरखपुर, 19 अक्टूबर । मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समस्त प्रदेशवासियों को शारदीय नवरात्र की पावन महानवमी एवं मंगलवार को मनाए जाने वाले विजयादशमी पर्व की हार्दिक बधाई देते हुए अपील की कि पर्वों के उत्साहपूर्ण माहौल में सुरक्षा की अनदेखी नहीं होनी चाहिए।मुख्यमंत्री ने सभी नागरिकों का आह्वान किया कि सौहार्दपूर्ण माहौल में उत्साह और उमंग के साथ पर्व और त्योहार मनाइये लेकिन साथ में सुरक्षा और अनुशासन का जरूर ध्यान रखा जाए।
योगी, बतौर गोरक्षपीठाधीश्वर सोमवार को गोरखनाथ मंदिर में शारदीय नवरात्र की महानवमी तिथि पर कन्या पूजन अनुष्ठान के बाद मीडियाकर्मियों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि विजयादशमी का पर्व हमें सभी प्रकार के विकारों से मुक्त होने का भी संदेश देता है। यह पर्व किसी भी प्रकार के विकार को, चाहे वह व्यक्ति के व्यक्तिगत, पारिवारिक, सामाजिक और आध्यात्मिक जीवन को प्रभावित कर रहा हो या फिर राष्ट्र की प्रगति में बाधक हो, तिलांजलि देने का भी अवसर है।शारदीय नवरात्र के अनुष्ठान और विजयादशमी का यह भी संदेश है कि समाज में नशा, भ्रष्टाचार, अराजकता, असुरक्षा और आतंकवाद के लिए कोई जगह न हो। हमें इस संदेश को घर-घर तक पहुंचाने की तैयारी करनी चाहिए। ये पर्व और त्यौहार समाज को तोड़ने वाले, समाज की एकता को भंगकर राष्ट्र को कमजोर करने का कुत्सित प्रयास करने वाले अराजक तत्वों को बेनकाब करने का भी संदेश देते हैं।